Edited By Vatika,Updated: 08 Dec, 2018 10:24 AM
खन्ना के गुलमोहर नगर में मकान को लेकर चल रहे विवाद में 2 पक्षों में हुए विवाद में 2 लोग गंभीर घायल हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। डाक्टरों ने एम.एल.आर. के माध्यम से पुलिस को इसकी सूचना दी, वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान...
खन्ना(सुनील): खन्ना के गुलमोहर नगर में मकान को लेकर चल रहे विवाद में 2 पक्षों में हुए विवाद में 2 लोग गंभीर घायल हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। डाक्टरों ने एम.एल.आर. के माध्यम से पुलिस को इसकी सूचना दी, वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान कलमबद्ध कर अगली कार्रवाई आरंभ कर दी है।
सिविल अस्पताल में उपचाराधीन पहले पक्ष की मोनिका (18) पुत्री अशोक कुमार निवासी गुलमोहर नगर खन्ना ने बताया कि घटना वाले दिन जब वह रोजाना की तरह कुलजीत को खाना देने गई तो उसने घर में ताला लगाया था। उसके इंतजार में वह अपने चाचा के घर चली गई और जहां से उसने उसे फोन किया जिस पर कुलजीत ने उसे इंतजार करने के लिए कहा। इसी बीच दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति अपने कुछ साथियों सहित वहां पर आ गया और घर का ताला तोड़ते हुए घर में पड़ा सामान बाहर फैंकने लगा। ऐसा करने से जब उसने उन्हें रोका तो दोनों ने अपने साथियों सहित उसके साथ बुरी तरह मारपीट की और उसे घायल कर दिया। जब इस दौरान उसके चाचा जसविंद्र सिंह पुत्र मेवा सिंह ने उसकी सहायता करनी चाही तो हमलावरों ने उसे पीटते हुए उसके सिर में लोहे का बाट दे मारा, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया।
इसके उपरांत भी हमलावर उसे बुरी तरह पीटते रहे। शोर मचाने पर लोगों को पास आता देख हमलावर फिर देख लेने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। जब इस संबंध में दूसरे पक्ष के लोगों से बातचीत की गई तो उन्होंने मारपीट के आरोपों को झूठा तथा निराधार बताते हुए कहा कि दरअसल ये लोग उनके जमीनी विवाद को लेकर बिना वजह टांग अड़ा रहे हैं। घटना वाले दिन भी इन लोगों ने जानबूझकर बवाल मचाते हुए उन्हें काम करने से रोका था। इस दौरान वे खुद घायल हुए। इन्हें किसी ने नहीं पीटा। इस संबंध में जब केस से संबंधित आई.ओ. से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल से सूचना मिलने के बाद दोनों पक्षों के बयान कलमबद्ध करते हुए मौके पर जाकर जायजा भी लिया गया। बयानों के आधार पर अगली कार्रवाई की जा रही है।