Edited By Vatika,Updated: 06 Dec, 2018 01:04 PM
खन्ना के निकटवर्ती गांव शाहपुर में आज दर्दनाक घटना देखने को मिली, जब एक बाप अपनी 2 वर्षीय बेटी को गोद में बिठाकर खाना खिला रहा था, तभी लड़की ने पास ही पड़ी अंगीठी पर गर्म पानी के बर्तन पर हाथ मार दिया, जिसके चलते पूरे का पूरा खौलता पानी दोनों पर आ...
खन्ना(सुनील): खन्ना के निकटवर्ती गांव शाहपुर में आज दर्दनाक घटना देखने को मिली, जब एक बाप अपनी 2 वर्षीय बेटी को गोद में बिठाकर खाना खिला रहा था, तभी लड़की ने पास ही पड़ी अंगीठी पर गर्म पानी के बर्तन पर हाथ मार दिया, जिसके चलते पूरे का पूरा खौलता पानी दोनों पर आ गिरा।
आनन-फानन की स्थिति में दोनों घायलों को खन्ना के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डाक्टरों के अनुसार अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार जसविंद्र सिंह (27) पुत्र संतोख सिंह वासी गांव शाहपुर (अमलोह) जो की मजदूरी का काम करता है, आज सुबह जब अपनी 2 वर्षीय बेटी जसकीरत कौर को गोद में बिठाकर खाना खिला रहा था तो उन्होंने अपने पास ही अंगीठी पर गर्म होने के लिए पानी रखा हुआ था।
खाना खाते समय उसकी बेटी ने गर्म पानी वाले बर्तन को पकड़ लिया, जसविंद्र सिंह ने जब अपनी बेटी के हाथ से बर्तन छुड़वाने की कोशिश की तो इस दौरान खौलता हुआ पानी उन दोनों पर आ गिरा और वे बुरी तरह झुलस गए। डाक्टरों के अनुसार घायलों को ट्रीटमैंट दिया जा रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर है। अभी उन्हें 24 घंटे के लिए विशेष निगरानी में रखा जाएगा।