Edited By Anjna,Updated: 11 Feb, 2019 03:55 PM
पहली पत्नी को दहेज की खातिर परेशान करने व बिना तलाक दिए दूसरा विवाह करने के मामले में थाना एन.आर.आई. पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कपूरथला(भूषण): पहली पत्नी को दहेज की खातिर परेशान करने व बिना तलाक दिए दूसरा विवाह करने के मामले में थाना एन.आर.आई. पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव सैदो भुलाणा निवासी एक महिला ने आई.जी. एन.आर.आई. विंग पंजाब को बताया कि उसकी शादी 25 जनवरी, 2015 को दविंद्र सिंह पुत्र ऊधम सिंह निवासी गांव भंडाल बेट के साथ हुई थी। उसकी शादी में उसके मां-बाप ने अपनी हैसीयत से कई ज्यादा खर्च किया था तथा काफी दहेज दिया था परंतु इसके बावजूद भी उसके ससुराल वालों ने उसको और दहेज लाने के लिए परेशान करना शुरू कर दिया।
इसी दौरान उसको एक बेटी हुई। उसको कम दहेज लाने के बहाने 17 मई, 2017 को घर से बाहर निकाल दिया। जिस पर उसने जब थाना सुल्तानपुर लोधी में शिकायत की तो उसके पति ने उसे 3,500 रुपए महीना लिखित तौर पर देने की बात मानी लेकिन एक महीना खर्चा देने के बाद फिर कभी भी उसे खर्चा नहीं दिया गया। 25 जुलाई, 2018 को कपूरथला अदालत ने भी उसके हक में फैसला किया लेकिन इसके बावजूद भी उसका पति जो विदेश में था विदेश से वापस आकर उसकी सहमति के बिना एक महिला के साथ दूसरा विवाह कर लिया, जिसकी मैरिज रजिस्टर की कॉपी भी अपनी शिकायत के साथ लगाई है। इसको लेकर उसने न्याय के लिए आई.जी. एन.आर.आई. विंग को शिकायत की, जिन्होंने जांच का जिम्मा एस.एच.ओ. एन.आर.आई. थाना कपूरथला बलविंदर सिंह भुल्लर को सौंप दिया।
जांच के दौरान आरोपी दविंद्र सिंह के खिलाफ लगे सभी आरोप सही पाए गए, जिसके आधार पर आरोपी दविंद्र सिंह के खिलाफ थाना एन.आर.आई. में मामला दर्ज कर लिया गया।