Edited By Subhash Kapoor,Updated: 10 Sep, 2026 08:48 PM

उपजिला आर.एस.पुरा के गांव चक्रोई में पुलिस हिरासत में 32 वर्षीय उत्तम चंद की मौत के मामले को लेकर वीरवार को भी तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने उत्तम चंद के शव को करीब 20 घंटे तक सड़क पर रखकर धरना-प्रदर्शन किया और मामले में...
आर.एस.पुरा (मुकेश): उपजिला आर.एस.पुरा के गांव चक्रोई में पुलिस हिरासत में 32 वर्षीय उत्तम चंद की मौत के मामले को लेकर वीरवार को भी तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने उत्तम चंद के शव को करीब 20 घंटे तक सड़क पर रखकर धरना-प्रदर्शन किया और मामले में निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
परिजनों का आरोप था कि जब तक पुलिस कर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और उनकी मांगों को लेकर लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे और प्रशासन से न्याय की मांग की।
मामले को शांत करवाने के लिए स्थानीय विधायक प्रो. गारू राम भगत, एसपी हेडक्वार्टर अना लता सिन्हा, एसडीएम आर.एस.पुरा अनसूया जम्वाल सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से बातचीत कर उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी विक्रम चौधरी और कांस्टेबल रिंकू को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा चौकी के अन्य स्टाफ के खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही गई है। प्रदर्शनकारियों की मांग पर एसपी हेडक्वार्टर की ओर से एफआईआर की प्रति भी उपलब्ध करवाई गई। गौरतलब है कि मंगलवार रात उत्तम चंद की मौत के बाद बुधवार सुबह से ही उसके परिजन अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए थे। मामले को लेकर क्षेत्र में दिनभर तनाव का माहौल बना रहा।