Edited By Updated: 24 Aug, 2016 02:11 AM
महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शोभा ओझा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के बयान की निंदा करते हुए...
जालंधर: महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शोभा ओझा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के बयान की निंदा करते हुए कहा कि महिलाएं बच्चे पैदा करने की मशीन नहीं हैं। ओझा भागवत के उस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहीं थी जिसमें उन्होंने कहा था कि हिन्दू महिलाओं को ज्यादा बच्चे पैदा करने चाहिए।
पंजाब के आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति तैयार करने तथा कार्यकत्र्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए जिला कांग्रेस ने आज स्थानीय रेडक्रॉस भवन में मिशन 2017 कार्यक्रम का आयोजन किया जिसमें बैठक को संबोधित करते हुए ओझा ने बताया कि विधानसभा चुनावों में महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा सीटें देने की सिफारिश की गई है।
उन्होंने बताया कि महिला कांग्रेस की सभी सदस्य हर विधानसभा में घर-घर जाकर आम जनता को कांग्रेस के एजेंडे के बारे में बताएगी। इस अवसर पर उपस्थित महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव नीटा डिसूजा ने कहा कि पंजाब के चुनावों में उनका मुकाबला शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) इस रेस से बाहर है।