Edited By Vatika,Updated: 20 Jun, 2019 11:08 AM
पहले ही मंदी के दौर से गुजर रही इंडस्ट्री पर नया संकट आने के आसार उस समय फिर बन गए जब नगर निगम ने दोबारा फोकल प्वाइंट का सीवर कनैक्शन तोड़ दिया।
जालंधर(खुराना): पहले ही मंदी के दौर से गुजर रही इंडस्ट्री पर नया संकट आने के आसार उस समय फिर बन गए जब नगर निगम ने दोबारा फोकल प्वाइंट का सीवर कनैक्शन तोड़ दिया। इस कनैक्शन से फोकल प्वाइंट की इंडस्ट्री का सारा पानी निगम की सीवर लाइनों में जाता था परंतु कनैक्शन तोड़े जाने के बाद पानी की निकासी बंद हो गई है। अब इंडस्ट्री पर भी नया संकट आ जाएगा क्योंकि पानी सड़कों पर भरेगा और आने-जाने में परेशानी होगी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी निगम ने इसी कनैक्शन को डिच मशीन की सहायता से तोड़ दिया था जिसे पी.एस.आई.ई.सी. ने दोबारा जुड़वा लिया था। पी.एस.आई.ई.सी. ने धमकी दी थी कि यदि निगम उनका सीवर कनैक्शन काटेगा तो बदले में वह अपनी जगह पर लगे निगम के ट्यूबवैल को बंद कर देंगे तथा फोकल प्वाइंट के बीच में से निकल रही सीवर लाइनों को उखाड़ दिया जाएगा।
निगम को यह कार्रवाई इसलिए करनी पड़ी क्योंकि फोकल प्वाइंट के आसपास कई कालोनियों में सीवर लाइनें ओवरफ्लो होने लगी थीं। भाजपा पार्षद सुशील शर्मा की शिकायत पर निगम ने दूसरी बार यह कनैक्शन काटा। कार्रवाई दौरान कालिया कालोनी के कई निवासी भी वहां उपस्थित थे। माना जा रहा है कि निगम की कार्रवाई के बाद पी.एस.आई.ई.सी. के अधिकारी वीरवार को कोई सख्त एक्शन ले सकते हैं।