Edited By Mohit,Updated: 01 Oct, 2018 10:06 PM
दकोहा में 35 साल की एक विवाहिता की सोमवार दोपहर को बिजली का करंट लगने से मौत हो गई, जिससे 7 साल के बच्चे के सिर से मां का साया उठ गया। मृतका की पहचान अमरजीत कौर पत्नी गुरजीत सिंह के रूप में हुई है। मृतका का करीब 10 साल पहले विवाह हुआ था। उसका 7-8...
जालंधर (महेश): दकोहा में 35 साल की एक विवाहिता की सोमवार दोपहर को बिजली का करंट लगने से मौत हो गई, जिससे 7 साल के बच्चे के सिर से मां का साया उठ गया। मृतका की पहचान अमरजीत कौर पत्नी गुरजीत सिंह के रूप में हुई है। मृतका का करीब 10 साल पहले विवाह हुआ था। उसका 7-8 साल का एक बच्चा भी है।
हादसे के समय अमरजीत कौर के अलावा घर में उसकी भांजी मौजूद थी। बच्चा स्कूल गया हुआ था और पति किसी काम से बाहर गया था। मौके पर पहुंचे नंगल शामा पुलिस चौकी के ए.एस.आई. कुलदीप सिंह ने मृतका का शव अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की तो घर में मौजूद उसकी भांजी ने बताया कि अमरजीत कौर स्टोर में किसी काम के लिए गई थी। वहीं पर इनवरटर पड़ा हुआ था। अचानक इनवरटर का स्विच ऑफ करते समय उसे करंट पड़ गया, जिसके बाद वह बेसुध होकर नीचे गिर पड़ी। पति गुरजीत सिंह व अन्य उसे उठाकर रामा मंडी के जौहल अस्पताल में ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृतक करार दे दिया।
जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मृतका अमरजीत कौर यू.पी. की रहने वाली थी। उसके मायके वालों को उसकी मौत के बारे में बता दिया गया है। उनके आने के बाद ही बनती कार्रवाई की जाएगी और पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। स्कूल से छुट्टी कर घर पहुंचे बच्चे को नहीं पता था कि उसकी मां उसे हमेशा के लिए छोड कर चली गई है। पति गुरजीत सिंह भी अचानक पत्नी की हुई मौत से बड़े सदमे में दिखाई दे रहा था। रिश्तेदार व अन्य लोगों की भी भीड़ भी मृतका के घर एकत्रित हो गई।