सैर कर रहे जोमैटो के डिलीवरी ब्वॉय पर फायरिंग

Edited By swetha,Updated: 26 May, 2019 12:13 PM

: शनिवार रात 10.32 बजे आबादपुरा के वाल्मीकि मोहल्ला में एक्टिवा सवार 2 नकाबपोश युवकों ने जोमैटो के डिलीवरी ब्वॉय पर गोली चला दी।

जालंधर(स.ह.): शनिवार रात 10.32 बजे आबादपुरा के वाल्मीकि मोहल्ला में एक्टिवा सवार 2 नकाबपोश युवकों ने जोमैटो के डिलीवरी ब्वॉय पर गोली चला दी। गोली युवक के पेट की चमड़ी को चीरती हुई पास ही खड़ी एफ.सी.आई. के पूर्व अधिकारी की कार में जा घुसी। दूसरी बार हमलावर ने गोली चलाने की कोशिश की लेकिन डिलीवरी ब्वाय के साथ खड़े दोस्त ने हमलावर को पकडऩे की कोशिश की तो हमलावर एक्टिवा पर सवार हो भाग गए। फिलहाल युवक की किसी के साथ रंजिश की बात सामने नहीं आई है। देर रात तक डी.सी.पी. इंवैस्टीगेशन गुरमीत सिंह, ए.डी.सी.पी. पी.एस. भंडाल, सी.आई.ए. स्टाफ की टीम व थाना 6 की टीम जांच में जुटी हुई थी। 

सोहित (29) पुत्र हैप्पी निवासी वाल्मीकि मोहल्ला आबादपुरा ने बताया कि वह अपनी मां के साथ पहले खालसा कालेज में कैंटीन चलाता था। ठेका खत्म होने के बाद जोमैटो में डिलीवरी का काम करने लगा। सोहित ने कहा कि हर रोज की तरह वह अपने दोस्त ऋषि के साथ खाना खाकर सैर के लिए निकला था। सैर करने के बाद दोनों बातें करने घर की गली के बाहर खड़े हो गए। रात 10.32 बजे माडल टाऊन की तरफ से आबादपुरा को आती सड़क पर से एक्टिवा सवार 2 युवक आए और कुछ दूरी पर आकर रुक गए। इससे पहले वह कुछ समझ पाते एक्टिवा के पीछे बैठे युवक ने उस पर गोली चला दी। 

हमलावर ने दूसरा फायर करने की भी कोशिश की लेकिन सोहित के साथी ऋषि ने गोली चलाने वाले को पकडऩे की कोशिश की तो हमलावर एक्टिवा की तरफ भागा और पीछे बैठकर दोनों आरोपी वहां से रंधावा अस्पताल की तरफ से भाग निकले। गोली सोहित के पेट की चमड़ी को चीरती हुई एफ.सी.आई. के पूर्व अधिकारी चंद्र कल्याण की गाड़ी की डिक्की में जा घुसी। गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके के लोग इकठ्ठा हो गए जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सोहित को सिविल अस्पताल इलाज के लिए ले जाया गया। मौके पर पुलिस अधिकारियों ने सोहित के परिजनों के साथ भी बात की लेकिन उनका कहना था कि सोहित का किसी से कोई झगड़ा नहीं था। फिलहाल पुलिस की जांच में रंजिश वाली बात सामने नहीं आई है। 

डी.सी.पी. इंवैस्टीगेशन गुरमीत सिंह का कहना है कि पुरानी रंजिश के बारे में जानने के प्रयास जारी हैं। हमलावरों ने मुंह पर रुमाल बांधे हुए थे जिसके चलते कोई भी उन्हें पहचान नहीं सका। एक हमलावर ने ग्रे व लाल रंग की टी-शर्ट तथा निक्कर पहनी हुई है। कुछ ही दूरी पर स्थित एक इमारत पर सी.सी.टी.वी. कैमरे लगे हुए मिले जिनकी फुटेज देर रात पुलिस देखने के प्रयास में जुटी थी। डी.सी.पी. ने कहा कि गाड़ी में से बुलेट बरामद कर ली गई है। गोली 315 बोर के देसी कट्टे से चलाई गई है। देर रात थाना 6 में अज्ञात 2 युवकों पर केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी हुई थी। 

अभी भी शहर में अवैध हथियार
पंजाब केसरी ने जालंधर में अवैध हथियारों की मौजूदगी के बारे में कुछ दिन पहले ही खबर प्रकाशित की थी। इस गोलीकांड ने साबित कर दिया कि अभी भी सिटी में कई आपराधिक छवि वाले लोगों के पास अवैध हथियार हैं। हाल में ही पुलिस ने गुरु अमरदास नगर में अवैध हथियार के शक में एक महिला को पकडऩे के लिए ट्रैप लगाया था लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। हालांकि सी.आई.ए. स्टाफ ने अवैध हथियारों के साथ आधा दर्जन युवक भी पकड़े थे लेकिन चुनावों के बाद ऐसी वारदात लॉ एंड आर्डर पर प्रश्रचिन्ह लगाती है। 

देर रात जोमैटो के डिलीवरी व्बॉय से पूछताछ 
सोहित से कोई पुरानी रंजिश का तथ्य न मिलने के कारण अलग-अलग टीमें गठित कर पुलिस ने जहां-जहां जोमैटो के डिलीवरी ब्वॉय देखे उनसे पूछताछ की। स्काईलार्क होटल के पास स्थित एक रैस्टोरैंट के बाहर खड़े करीब आधा दर्जन डिलीवरी ब्वॉय्स से भी पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस को शक है कि सोहित का जॉब पर कोई न कोई विवाद हुआ होगा, लेकिन देर रात फिलहाल ऐसे कोई इनपुट नहीं मिल पाए थे। सोहित के पिता की मौत हो चुकी है। सोहित शादीशुदा है और 2 बच्चों का पिता है।  

सामने से गोली चलाई होती तो जा सकती थी सोहित की जान
इस गोलीकांड में सोहित की जान बाल-बाल बच गई। गोली साइड से चलाई गई थी जिसके चलते गोली पेट की चमड़ी को चीरती हुई निकल गई। यही गोली अगर बिल्कुल सामने से चलाई होती तो गोली पेट में लगनी थी और जानी नुक्सान भी हो सकता था। सोहित ने कहा कि पहले तो उसे पता ही नहीं लगा कि गोली उसे लगी है। जैसे ही उसने भागना शुरू किया तो पेट में दर्द हुआ जिसके बाद उसे गोली लगने का पता चला। बता दें कि सोहित अपनी मां का इकलौता बेटा है।

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!