Edited By swetha,Updated: 26 Mar, 2019 12:35 PM
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा देश के अत्यंत गरीब परिवारों के लिए 72,000 रुपए वार्षिक की न्यूनतम आमदनी के ऐलान का स्वागत करते हुए कहा है कि इसका व्यापक असर लोकसभा चुनावों में देखने को मिलेगा।
जालंधर(धवन): पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा देश के अत्यंत गरीब परिवारों के लिए 72,000 रुपए वार्षिक की न्यूनतम आमदनी के ऐलान का स्वागत करते हुए कहा है कि इसका व्यापक असर लोकसभा चुनावों में देखने को मिलेगा। उन्होंने एक बयान में कहा कि भाजपा की नकारात्मक व विभाजात्मक खेल योजना अब तहस-नहस होकर रह जाएगी।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने वास्तव में देश के अत्यंत गरीब परिवारों के अंदर जीने की इच्छा शक्ति पैदा की है, जबकि नरेन्द्र मोदी की सरकार तो गरीबों को कुछ भी लाभ देने में सफल नहीं हुई, उलटा मोदी सरकार द्वारा देश में लागू जी.एस.टी. व नोटबंदी के कारण गरीबों की नौकरियां चली गई थीं। कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि योजना के तहत राहुल गांधी ने ऐलान किया है कि जो भी परिवार हर महीने 12,000 से कम कमाता होगा, उसे हर महीने सरकार 6000 रुपए अतिरिक्त देगी। इससे लगभग 50 मिलियन परिवारों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा केवल नकारात्मक चुनावी प्रचार के सहारे ही चल रही है। उसके पास देश के लिए कोई एजैंडा नहीं है, उसे गरीबों की समस्याओं का आभास नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा तो केवल पाक अधिकृत कश्मीर में किए गए हवाई हमले के सहारे ही चुनाव लड़ रही है, जबकि चुनाव आयोग ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि देश की सुरक्षा से जुड़े मामलों पर चुनाव में चर्चा नहीं होनी चाहिए। अगर भारतीय वायुसेना ने पाक अधिकृत कश्मीर में हमला किया है तो इस पर कांग्रेस को कोई ऐतराज नहीं है, क्योंकि कांग्रेस सरकारों के समय भी ऐसे हमले होते रहे, परन्तु कांग्रेस ने कभी भी इन मुद्दों का राजनीतिकरण नहीं किया। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े 4 वर्षों में देश में महंगाई जिस तरह से बढ़ी उसकी चर्चा तो भाजपा करने के लिए तैयार नहीं है। नौजवानों को हर वर्ष 2 करोड़ नौकरियां देने में भी मोदी सरकार विफल रही।