Edited By Vaneet,Updated: 16 Oct, 2018 12:05 PM
दसूहा में रंधावा शुगर मिल में आज शराब फैक्ट्री का बॉयलर फटने से आग लग गई। आग लगने से फैक्ट्री के कर्मचारी गगनदीप सिं..
दसूहा (झावर): शराब फैक्टरी रंधावा दसूहा में ब्वायलर फटने से धमाका हुआ जिससे वर्कर गगनदीप सिंह (22) पुत्र बलजीत सिंह निवासी बोदल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि 2 अन्य वर्कर सुखजीत सिंह निवासी रूपोवाल व मनजीत सिंह निवासी रंधावा गंभीर घायल हो गए। धमाके में मिल की छत के परखच्चे उड़ गए। सभी वर्कर अपनी जान बचाने हेतु भागने लगे। सूचना मिलते ही डी.एस.पी. दसूहा ए.आर. शर्मा व थाना प्रभारी जगदीश राज अत्तरी घटनास्थल पर पहुंचे।
मृतक के पिता बलजीत सिंह व चाचा रणजीत सिंह ने कहा कि हमारे बेटे की मौत शराब फैक्टरी के अधिकारियों की लापरवाही के कारण हुई है। उन्होंने प्रशासन व मुख्यमंत्री से इंसाफ की मांग की। संघर्ष कमेटी, शराब फैक्टरी रंधावा के सदस्यों दलविंद्र सिंह बोदल, सतपाल बेरछा, नवदीप सिंह, जसवीर सिंह, जसविंद्र सिंह व 100 से अधिक सदस्यों व बोदल गांव के लोगों ने मिल मैनेजैंट विरुद्ध जोरदार रोष-प्रदर्शन किया तथा थाना प्रभारी दसूहा को मिल मैनेजमैंट के अधिकारियों विरुद्ध कत्ल का मामला दर्ज करने की मांग की। कुछ कर्मचारियों व लोगों का आरोप था कि फायर ब्रिगेड देर से मंगवाया गया। होशियारपुर व दसूहा से आए फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों ने कड़ी मेहनत से आग पर काबू पाया।