Edited By Vaneet,Updated: 22 Apr, 2019 03:13 PM
भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने गए सरकारी ठेकेदार विकास कुमार की जेब पर हाथ साफ करते हुए अज्ञात महिलाओं द्वारा 91 हजार रुपए लेकर रफूचक्कर होने....
पठानकोट(आदित्य): भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने गए सरकारी ठेकेदार विकास कुमार की जेब पर हाथ साफ करते हुए अज्ञात महिलाओं द्वारा 91 हजार रुपए लेकर रफूचक्कर होने का समाचार प्राप्त हुआ है। इसकी बाबत थाना डिवीजन नं.-2 में शिकायत दर्ज करवाते हुए विकास कुमार ने बताया कि उसने पंजाब नैशनल बैंक से 2 लाख रुपए निकलवाए थे। जिसमें से 1.9 लाख रुपए उसने लेबर को दे दिए, जबकि 91 हजार रुपए शेष बचने पर उसने उक्त पैसे अपनी जेब में डाल लिए।
इसी दौरान उन्हें उसके दोस्त मोहित का फोन आ गया और वह शोरूम चले गए और वहां शोरूम के पास लगे भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने हेतु जैसे ही टेबल के पास पहुंचे तो पीछे खड़ी 4-5 महिलाओं ने एकाएक एक महिला को उनके ऊपर धक्का दे दिया। जिसके चलते वह गिरते-गिरते बाल-बाल बच गए तथा जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो उक्त महिलाएं भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकलीं।
विकास कुमार ने बताया कि जब उन्होंने अपनी जेब टटोली तो उसमें पड़े पैसे गायब थे। जिसके चलते उन्होंने पुलिस को शिकायत दर्ज करवा दी है। इसकी बाबत थाना प्रभारी अवतार सिंह ने कहा कि विकास कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और संदिग्ध महिलाओं की धड़पकड़ हेतु पुलिस पार्टियों की ड्यूटी लगा दी गई है और जल्द ही उक्त महिलाओं को पकड़ लिया जाएगा।