Edited By Kalash,Updated: 15 Aug, 2026 02:18 PM

गुरदासपुर और आसपास के इलाकों में हुई करीब 28 मिलीमीटर बारिश के कारण तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है।
गुरदासपुर (हरमन): गुरदासपुर और आसपास के इलाकों में हुई करीब 28 मिलीमीटर बारिश के कारण तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। बारिश से लोगों ने कुछ समय के लिए गर्मी से राहत महसूस की, लेकिन वातावरण में नमी का स्तर ज्यादा होने के कारण उमस ने लोगों की मुश्किलें बरकरार रखीं।
खास बात यह रही कि दोपहर के बाद मौसम साफ हो गया और धूप निकलने से फिर से तपिश और उमस बढ़ गई। इस क्षेत्र में इन दिनों के दौरान दिन का तापमान आमतौर पर 31 से 32 डिग्री सैल्सियस के करीब रह रहा है, जबकि रात के समय तापमान करीब 25 से 27 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया जा रहा है। आज की बारिश के बाद तापमान में लगभग एक से दो डिग्री सैल्सियस की ही गिरावट आई, जिस कारण गर्मी से पूरी तरह राहत नहीं मिल सकी।
बारिश के कारण शहरी जन-जीवन भी प्रभावित हुआ। गुरदासपुर शहर के निचले इलाकों, सड़कों और कई मोहल्लों में पानी जमा हो जाने के कारण लोगों को आवाजाही के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई जगह पर कुछ समय के लिए पानी भरा रहा, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को मुश्किलें आईं।
दूसरी ओर, कृषि के लिए यह बारिश काफी लाभदायक मानी जा रही है। खास करके धान की फसल के लिए बारिश को किसानों द्वारा राहत के रूप में देखा जा रहा है। इलाके के कई धान के खेतों में पत्ता लपेट सुंडी का हमला देखने को मिलना शुरू हो गया था।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार जिन खेतों में तेज बारिश हुई है, वहां पानी के प्रभाव और खेतों में बने नमी वाले माहौल के कारण इस कीड़े के हमले को कम करने में मदद मिल सकती है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी जरूरत के अनुसार अच्छी बारिश होती है तो यह धान की फसल के लिए और लाभदायक साबित हो सकती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here