Edited By Mohit,Updated: 06 Apr, 2020 03:46 PM
जलालाबाद के गांव सुखेरा बोदला के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस मोटरसाइकिल चोरों को पकड़ने पहुंची।
जलालाबाद (सेतिया,सुमित): जलालाबाद के गांव सुखेरा बोदला के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस मोटरसाइकिल चोरों को पकड़ने पहुंची। एक चोर को पकड़ने के बाद जब पुलिस दूसरे चोर को पकड़ने की कोशिश कर रही थी तो पहला चोर पुलिस की ही प्राइवेट गाड़ी समेत फरार हो गया। थाना सदर जलालाबाद की पुलिस ने इस मामले में कुलविंदर सिंह पुत्र फुम्मण सिंह निवासी गांव मोहर सिंह वाला, अमरजीत सिंह पुत्र हरबंस सिंह निवासी गांव सुखेरा बोदला और गुरजंट सिंह पुत्र जगजीत सिंह निवासी जोद्धा भैनी के खिलाफ धारा 379,411 अधीन दर्ज करके नामजद पहले दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार बीती शाम एसएचओ जसवंत सिंह की अगुवाई में पुलिस पार्टी सुखेरा बोदला के पास मुखबिर की सूचना पर बाइक चोरों को गिरफ्तार करने गई थी। पुलिस ने गुरजंट सिंह नामक व्यक्ति को उसके घर से गिरफ्तार किया था। इस बीच जब उसको गाड़ी में बिठाया गया तो पास से एक अन्य व्यक्ति मोटरसाइकिल पर गुजर रहा था तो उसने उसकी तरफ चोरी का मोटरसाइकिल होने का इशारा किया। कार में सवार गुरजंट सिंह को बिना किसी मुलाजिम के पास छोड़े पुलिस उक्त व्यक्ति को पकड़ने के लिए उसके पीछे दौड़ी। मौके का फायदा उठाते हुए गुरजंट सिंह पुलिस की प्राइवेट गाड़ी साथ लेकर फरार हो गया। कावा वाली पत्तन के पास कार हादसे का शिकार हो गई तो गुरजंट सिंह कार छोड़ कर फरार हो गया। देर रात तक पुलिस गाड़ी की तलाश में लगी रही। पुलिस को यह गाड़ी कावा वाली पत्तन से बरामद हुई। पुलिस ने इस मामले में कुलविंदर सिंह और अमरजीत सिंह को गिरफ्तार कर एक बिना नंबर के हीरो हांडा स्पलैंडर मोटरसाइकिल बरामद किया है।