Edited By Punjab Kesari,Updated: 13 Jan, 2018 02:33 PM
फिरोजपुर देहाती के पूर्व विधायक जोगिन्द्र सिंह जिंदू के कौंसलर बेटे सुरिन्द्र सिंह बब्बू उपप्रधान कैंट बोर्ड और रोहित गिल ने आज एक आपराधिक केस में फिरोजपुर छावनी की पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। उल्लेखनीय है कि फिरोजपुर कैंट बोर्ड के कौंसलर...
फिरोजपुर (कुमार): फिरोजपुर देहाती के पूर्व विधायक जोगिन्द्र सिंह जिंदू के कौंसलर बेटे सुरिन्द्र सिंह बब्बू उपप्रधान कैंट बोर्ड और रोहित गिल ने आज एक आपराधिक केस में फिरोजपुर छावनी की पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। उल्लेखनीय है कि फिरोजपुर कैंट बोर्ड के कौंसलर जोरा सिंह संधू के बयानों पर थाना फिरोजपुर छावनी की पुलिस ने आई.पी.सी. की धारा 295-ए व 353 आदि के तहत सुरिन्द्र सिंह बब्बू और रोहित गिल के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
इसमें जोरा सिंह संधू कौंसलर ने 6 जून 2017 को मामला दर्ज करवाते हुए आरोप लगाया था कि सुरिन्द्र सिंह बब्बू, रोहित गिल और उनके अज्ञात साथियों ने उसके साथ कथित रूप से मारपीट की और उसकी पगड़ी उतारते हुए अपमानित किया था। सुरिन्द्र सिंह बब्बू और रोहित गिल की तरफ से दायर की गई अग्रिम जमानत की अर्जी को जिला व सैशन जज फिरोजपुर की तरफ से खारिज कर दिया गया था और उसके बाद पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट ने भी उनकी अग्रिम जमानत की अर्जी रद्द करते हुए अग्रिम जमानत देने से इन्कार कर दिया था।
थाना फिरोजपुर छावनी के एस.एच.ओ. नवीन कुमार सब-इंस्पैक्टर ने संपर्क करने पर बताया कि सुरिन्द्र सिंह बब्बू और रोहित गिल ने खुद थाने में आकर आत्मसमर्पण किया है। दूसरी ओर संपर्क करने पर कैंट बोर्ड फिरोजपुर के उपप्रधान सुरिन्द्र सिंह बब्बू और रोहित गिल ने कहा कि हम कानून को मानते हैं व उसका सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे खिलाफ दर्ज किया उक्त मामला सरासर झूठा है और सियासी रंजिश के कारण हमें बदनाम करने के लिए यह झूठा मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि हम अदालत में अपनी बेगुनाही साबित करेंगे और हमें विश्वास है कि हमें न्याय मिलेगा।