Edited By swetha,Updated: 10 Aug, 2019 09:36 AM
शादी का झांसा देकर विधवा से अवैध संबंध बनाने का मामला सामने आया है।
श्री मुक्तसर साहिब(तनेजा): शादी का झांसा देकर विधवा से अवैध संबंध बनाने का मामला सामने आया है। श्री मुक्तसर साहिब निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पहले हुई शादी से 2 बच्चे हैं। उसके पति की 5 सितम्बर 2016 को मौत हो गई थी, जिसके बाद वह अपने मायके आ गई और ब्यूटी पार्लर का कार्य करने लगी।
इस दौरान गांव मत्ता निवासी गुरप्रीत सिंह जोकि फरीदकोट में उसकी मौसी के पड़ोस में रहता था, उसके पास आने लगा। गुरप्रीत सिंह अक्सर मोबाइल पर उसके साथ चैटिंग करता था। बाद में वह कहने लगा कि वह उसे पसंद करता है और उससे शादी करवाना चाहता है। वह उसे अपनी पत्नी की तरह रखते हुए अपनी हवस पूरी करने लगा। वह उसे अबोहर ले गया जहां उसने जबरन उससे शादी की। बाद में विदेश ले जाने का झांसा देकर वह उसका, उसके बच्चों के पासपोर्ट के साथ 3 लाख रुपए ले गया। कुछ समय के बाद वह कागजात तैयार करवाने के नाम पर आभूषण गिरवी रखवाकर 1 लाख रुपए और ले गया।
इसके बाद गुरप्रीत सिंह की मौसी की लड़की की ननद उसे धमकी देने लगी कि वह गुरप्रीत को छोड़ दे नहीं तो वह उसे मार देगी। गुरप्रीत उसे छोड़कर अपने माता-पिता के पास चला गया और उससे 1 लाख रुपए की मांग करने लगा। पंचायत भी हुई लेकिन कोई हल नहीं निकला। जब उसने पैसे वापस मांगे तो उसने देने से इंकार कर दिया, लेकिन इस दौरान गुरप्रीत सिंह स्वयं विदेश चला गया। उधर, थाना सिटी पुलिस ने मामले की जांच करते हुए गुरप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।