Edited By Vatika,Updated: 20 Aug, 2018 01:37 PM
स्थानीय दाना मंडी में उस समय दहशत फैल गई जब संपत्ति विवाद को लेकर भतीजे ने अपनी चाची पर ताबड़-तोड़ 4 गोलियां चलाईं। गंभीर हालत में चाची को सिविल अस्पताल में इलाज हेतु दाखिल करवाया गया।
बठिंडा (विजय): स्थानीय दाना मंडी में उस समय दहशत फैल गई जब संपत्ति विवाद को लेकर भतीजे ने अपनी चाची पर ताबड़-तोड़ 4 गोलियां चलाईं। गंभीर हालत में चाची को सिविल अस्पताल में इलाज हेतु दाखिल करवाया गया।
जानकारी के अनुसार प्रोमिला देवी (54) पत्नी हरी राम दाना मंडी में करियाने की दुकान चलाती है, जबकि उसका पति मानसिक रोगी है। रविवार सायं लगभग 4.30 बजे प्रोमिला देवी घर में बैठी थी तभी उसका भतीजा कृष्ण कुमार उर्फ कुक्कू (60) पुत्र हेम राज घर में आया और गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोलियों की आवाज सुनकर अनाज मंडी में दहशत फैल गई वहां मौजूद लोगों ने घायल प्रोमिला को सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई। डी.एस.पी. गुरजीत सिंह रोमाना ने बताया कि इस परिवार का संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। तलवंडी में 16-17 मरले जमीन है जिस पर प्रोमिला देवी का परिवार काबिज है जबकि उसका भतीजा वह जमीन हथियाना चाहता था जिसे लेकर उसने मामूली विवाद के बाद गोलियां चला दीं।
आरोपी को गिरफ्तार कर उसका लाइसैंसी रिवाल्वर जब्त कर थाना कोतवाली में उसके विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। घायल प्रोमिला ने बताया कि कुछ वर्ष पहले भी उस पर पिस्तौल का मामला दर्ज करवाया था, लेकिन समझौते के बाद खत्म हो गया था। उन्होंने बताया कि गोलीबारी से आधा घंटा पहले उसका भतीजा घर में आया और पड़ोसियों के बारे में पूछने लगा, लेकिन कुछ देर बाद आकर उसने ताबड़-तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उसने भाग कर जान बचाने की कोशिश की लेकिन उसके पांव व बाजू में गोलियां लगीं। डाक्टरों के अनुसार घायल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।