Edited By Kalash,Updated: 05 Sep, 2026 05:19 PM

टक्कर इतनी जोरदार थी कि राज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवि): काम पर जा रहे एक व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा 4 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे हुआ। मृतक की पहचान राज सिंह के रूप में हुई है। इस संबंध में मृतक के बेटे अमनदीप सिंह, निवासी गंगोहर, की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अमनदीप सिंह ने बताया कि उसके पिता राज सिंह 4 सितंबर को सुबह करीब 8 बजे काम पर जाने के लिए साइकिल पर घर से निकले थे। इसी दौरान पीछे से आए वाहन नंबर PB10JM-9077 के अज्ञात चालक ने कथित तौर पर उनके पिता की साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा वाहन नंबर के आधार पर अज्ञात चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मृतक के परिवार ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here