Edited By swetha,Updated: 22 Jul, 2019 08:26 AM
पंजाब के जल स्रोत मंत्री सुखविंद्र सिंह सरकारिया ने मूनक और खनौरी का दौरा करके घग्घर दरिया की स्थिति का जायजा लिया।
संगरूर (विवेक सिंधवानी): पंजाब के जल स्रोत मंत्री सुखविंद्र सिंह सरकारिया ने मूनक और खनौरी का दौरा करके घग्घर दरिया की स्थिति का जायजा लिया। गांव फूलद के नजदीक घग्गर दरिया में पड़ी दरार को बंद करवाने के चल रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए सरकारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पंजाब सरकार घग्घर और ड्रेनों के किनारे रहते गांवों के लोगों की जान माल की रक्षा के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है और फसलों के नुक्सान के उचित मुआवजे के लिए पहले ही सरकार की तरफ से विशेष गिरदावरी का ऐलान किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि घग्घर दरिया में पानी का स्तर निरंतर कम होता जा रहा है और जल्द ही दरार को बंद करने की प्रक्रिया मुकम्मल कर ली जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार नजदीकी भविष्य में यह मामला हल करने के लिए वचनबद्ध है और यह मुद्दा राज्य सरकार की ओर से केंद्र सरकार के समक्ष भी उठाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गत 3 दिनों से निरंतर दरार को भरने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। सेना के जवानों के साथ-साथ एन.डी.आर.एफ., एस.डी.आर.एफ., सिविल व पुलिस सहित समाजसेवियों द्वारा व्यापक स्तर पर कार्य करवाए जा रहे हैं।