Edited By swetha,Updated: 23 May, 2018 11:04 AM
गुरु नानक देव अस्पताल खूनी जंग का अखाड़ा बन गया। अस्पताल में निजी लैबोरेट्रीज के कर्मचारियों के बीच खूनी झड़प हो गई। झड़प में चले तेजधार हथियारों से एक निजी लैबोरेटरी का संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। झड़प के दौरान जहां अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी...
अमृतसर (दलजीत): गुरु नानक देव अस्पताल खूनी जंग का अखाड़ा बन गया। अस्पताल में निजी लैबोरेट्रीज के कर्मचारियों के बीच खूनी झड़प हो गई। झड़प में चले तेजधार हथियारों से एक निजी लैबोरेटरी का संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। झड़प के दौरान जहां अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई, वहीं चौकी गोपाल नगर की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को मजीठा रोड स्थित 2 निजी लैबोरेटरी के कर्मचारी गुरु नानक देव अस्पताल में स्थित गायनी वार्ड में पहुंचे हुए थे। इसी बीच एक गर्भवती महिला को अपनी लैब में ले जाने को लेकर कर्मचारियों में तू-तू मैं-मैं हो गई और देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसके बाद एक पक्ष के कर्मचारी ने दूसरे पक्ष के कर्मचारी पर दातर से हमला कर दिया। राजबीर सिंह नामक कर्मचारी के कान व सिर पर वार किए गए। हमले में राजबीर का कान कट कर लटक गया।
गायनी वार्ड की ओ.पी.डी. में हुए इस घटनाक्रम के बाद फर्श पर खून फैल गया। राजबीर को गंभीर अवस्था में गुरु नानक देव अस्पताल की एमरजेंसी वार्ड में दाखिल करवाया गया। झड़प के दौरान अस्पताल में आए मरीजों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। लोग अपना बचाव करते हुए इधर-उधर भागने लगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना मजीठा रोड पुलिस ने घायल के बयान दर्ज किए। एस.एच.ओ. प्रेमपाल ने बताया कि मरीज को अपनी लैबोरेटरी में ले जाने को लेकर यह झगड़ा हुआ था। इनके बीच कुछ दिन पहले भी तकरार हुई थी, तब भी आपसी सहमति से मामले का निपटारा हुआ। अब मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।