Edited By Mohit,Updated: 12 Nov, 2019 07:41 PM
थाना सदर के टंडन नगर क्षेत्र में गत देर रात जनक राज (72) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
अमृतसर (संजीव): थाना सदर के टंडन नगर क्षेत्र में गत देर रात जनक राज (72) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेज दिया, जिसकी रिपोर्ट के बाद मौत के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मृतक जनक राज के लड़के मुनीश महेन्द्रू को हिरासत में ले कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह जनक राज मृत अवस्था में घर के बिस्तर पर पड़ा था और उसके चेहरे व सिर में कई घाव थे। खून रिसने के बाद जम चुका था। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब इस बारे में उसके लड़के मुनीश महेन्द्रू से पूछा तो उसने बताया कि उसके पिता गत रात्रि रोटी लेने के लिए बाजार गए थे, जहां वह गिर गए और बुरी तरह से घायल हो गए थे। घायल अवस्था में जब वह वापस घर आए तो उसने उन्हें यह कह कर सुला दिया कि सुबह डाक्टर के पास चलेंगे। मुनीश नशे का आदि है और स्थानीय सिविल अस्पताल उसकी दवाई चल रही है। कुछ समय पहले उसकी पत्नी दोनों बच्चियों को लेकर मायके जा चुकी है और मुनीश की माता कुछ दिन पहले अपनी बहन के पास रहने के लिए पठानकोट गई हुई थी।
यह कहना है पुलिस का-थाना सदर के इंचार्ज इंस्पैक्टर प्रेम पाल सिंह का कहना है कि मृतक के शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जनक राज लड़का मुनीश नशे का आदि है। जिसके कहने के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अगर मौत के कारणों में हत्या पाई गई तो केस दर्ज किया जाएगा।