Edited By Updated: 04 May, 2016 09:33 AM
पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर हर कोई पत्ता फैंकता नजर अा रहा है फिर चाहे वो कांग्रेस,भाजपा या अाम अादमी पार्टी ही क्यों न हो।
नई दिल्ली/चंडीगढ़ः पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर हर कोई पत्ता फैंकता नजर अा रहा है फिर चाहे वो कांग्रेस,भाजपा या अाम अादमी पार्टी ही क्यों न हो। चुनाव के नजदीक अाते ही सभी पार्टियां पंजाब के लोगों का दिल जीतने की कोशिश में लगी हैं।
केंद्र की भाजपा सरकार ने भी यहां के लोगों को लालच देना शुरु कर दिया है। सरकार ने 1984 के सिख विरोधी दंगा पीड़ितों को 2 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का फैसला किया है। यह मदद केवल उन्हीं को मिलेगी जो दंगे से प्रभावित होकर अन्य राज्यों से पंजाब पहुंचे थे। मंगलवार को केंद्रीय गृहमंत्रालय ने यह फैसला लिया है।
इसके मुताबिक, केंद्रीय पुनर्वास राहत योजना के अंतर्गत पंजाब में कुल 1020 परिवारों को आर्थिक राहत दी जाएगी। यह राहत इसलिए दी जा रही है क्योंकि दंगे के कारण इन पीड़ितों को घर छोड़ना पड़ा था। गृहमंत्रालय ने यह फैसला जस्टिस जी.पी. माथुर कमेटी की सिफारिश के आधार पर लिया है। सत्ता में आने के बाद मोदी सरकार ने 2014 में इस कमेटी का गठन किया था।
प्रक्रिया प्रारंभ होने के छह महीने बाद तक राहत राशि बांटी जाएगी। केंद्रीय स्किल डिवैलपमैंट मंत्रालय इन परिवारों के सदस्यों को मुफ्त ट्रेनिंग देगा। गौरतलब है कि दंगों में हजारों सिखों का कत्ल कर दिया गया था। इसी दौरान कई परिवार बाहर से आकर पंजाब बस गए थे। फिलहाल अाधिकारिक रूप से इसका एलान नहीं किया गया है।