Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Sep, 2017 08:54 AM
देशभर में महिलाओं की चोटी कटने का शुरू हुआ सिलसिला अब भी जारी है।
दीनानगर (कपूर): देशभर में महिलाओं की चोटी कटने का शुरू हुआ सिलसिला अब भी जारी है। दीनानगर की छत्ती गली निवासी विजय शक्ति पत्नी अश्विनी कुमार शर्मा के घर में दाखिल हो एक महिला द्वारा उसकी चोटी काट देने का समाचार है। प्राप्त जानकारी अनुसार प्रात: 10 बजे के करीब एक महिला ने विजय शक्ति के घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोले जाने पर महिला घर के अंदर दाखिल हो गई। उसने विजय शक्ति से पूछा कि उसे किसी से पता चला है कि आपके पास पत्थरपाड़ पत्तों के बूटे मिल जाएंगे तो उसने उक्त अज्ञात महिला से कहा कि आपको किसी ने गलत बताया है।
विजय शक्ति वाश-बेसिन में हाथ धोने लगी तो इतने में पास खड़ी महिला ने उसकी चोटी काट दी और तुरन्त वहां से रफूचक्कर हो गई। विजय शक्ति ने बताया कि वह हैरान रह गई कि उसने ऐसा क्यों किया? उसकी आंख झपकते ही वह महिला वहां से भाग गई। चोटी कटने की खबर प्रात: ही नगर में आग की तरह फैल गई। लोगों में दिनभर यह चर्चा का विषय बना रहा।