Edited By Updated: 10 Feb, 2017 01:43 PM
महानगर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने हेतु पुलिस द्वारा अब पुरुष वाहन चालकों के साथ-साथ यातायात नियम तोडऩे वाली ‘नारी शक्ति’ पर भी
भटिंडा: महानगर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने हेतु पुलिस द्वारा अब पुरुष वाहन चालकों के साथ-साथ यातायात नियम तोडऩे वाली ‘नारी शक्ति’ पर भी शिकंजा कस लिया गया है। थाना कोतवाली पुलिस व जिला यातायात पुलिस ने सांझे तौर पर विशेष अभियान शुरू कर दिया है, जिसके तहत महिला पुलिस कर्मियों ने कमान संभाल ली है। महिला पुलिस कर्मी यातायात नियम तोड़ती महिला वाहन चालकों पर न सिर्फ नजर रख रहे हैं, बल्कि उनका चालान काटने के अलावा वाहन बांड भी कर रहे हैं। सब इंस्पैक्टर गुरप्रीत कौर के नेतृत्व में महानगर के विभिन्न मुख्य हिस्सों हनुमान चौक, फायर ब्रिगेड चौक, जी.टी. रोड आदि जगहों पर नाके लगाकर मुहिम चलाई जा रही है।
4 वाहन किए बांड
सब इंस्पैक्टर गुरप्रीत कौर के नेतृत्व में गुरुवार को यातायात नियम तोड़ती 10 महिलाओं के चालान काटे गए, जबकि बुधवार को नियम तोड़ती 14 महिलाओं पर पुलिस ने शिकंजा कसा। यहीं नहीं, विभिन्न खामियों के चलते पुलिस द्वारा 2 एक्टिवा व 2 बाइक बांड भी किए गए।
यातायात नियमों के उल्लंघन में पीछे नहीं महिलाएं
प्रत्येक क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही ‘नारी शक्ति’ यातायात नियमों के उल्लंघन में भी पीछे नहीं है। जहां पुरुष विशेषकर युवक यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने से बाज नहीं आते हैं, वहीं इसी दौड़ में अब महिलाएं विशेषकर युवतियां भी शामिल हो चुकी हैं। पुरुष यातायात कर्मचारी पुरुषों पर तो सहज होकर कार्रवाई कर लेते हैं परन्तु नियमों का उल्लंघन करने वाली महिला वाहन चालक पर कार्रवाई के मामले में उन्हें दिक्कतें पेश आती हैं जिस कारण अकसर गलती करने वाली महिला वाहन चालक पर कार्रवाई से गुरेज कर जाते हैं। इसी स्थिति में सुधार लाने व महिला वाहन चालकों को भी यातायात नियमों की पालना हेतु बाध्य करने के लिए महानगर में महिला पुलिस कर्मी ड्यूटी संभाल रही है।
नियम सभी के लिए बराबर: गुरप्रीत कौर
महिला वाहन चालकों को यातायात नियमावली का पाठ पढ़ा रही थाना कोतवाली की सब इंस्पैक्टर गुरप्रीत कौर का कहना है कि नियम सभी के लिए बराबर हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाली महिला चालकों पर भी सख्ती की जाएगी जिस हेतु मुहिम में तेजी लाई गई है और आगामी समय में सख्ती और बढ़ाई जाएगी।