Edited By Punjab Kesari,Updated: 17 Sep, 2017 11:59 PM
गांव हलेर से प्रवासी महिला का शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई।
जालंधर (प्रीत): पौत्र के जन्म की खुशी में की गई ‘ड्रिंक एंड डांस’ पार्टी के दौरान लापता हुई बुजुर्ग प्रवासी महिला गिरिजा देवी (52) का अर्द्धनग्न शव सुबह खेतों में मिला। गिरिजा देवी के मुंह पर तेजधार हथियारों तथा शरीर पर मारपीट के निशान पाए गए हैं।
कपूरथला रोड पर स्थित व थाना लांबड़ा के अन्तर्गत आते गांव हेलरां में सुबह करीब 11.30 बजे बाजरे के खेतों में बुजुर्ग महिला गिरिजा देवी का खून से सना अर्द्धनग्न शव मिलने से अफरा-तफरी मच गई। हत्या की सूचना गांव में फैली और मृतका के परिजन मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही जालंधर देहात के एस.पी. इनवैस्टीगेशन बलकार सिंह, डी.एस.पी. करतारपुर सर्वजीत सिंह राय, थाना लांबड़ा के एस.एच.ओ. पुष्प बाली, सी.आई.ए. इंस्पैक्टर हरिन्द्र सिंह गिल पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मृतका गिरिजा देवी के बेटे दलीप ने बताया कि 7 दिन पहले उसकी पत्नी ने बेटे को जन्म दिया। बीती रात उनके घर पार्टी थी, जिसमें करीब 50-60 बिरादरी के लोगों को बुलाया गया था।
पार्टी के दौरान शराब और डांस का भी इंतजाम रहा। इसी दौरान गिरिजा देवी लापता हुई और सुबह करीब 11.30 बजे उनका शव मिला। मृतका के परिजनों के मुताबिक उन्हें रात में नहीं बल्कि सुबह गिरिजा देवी के लापता होने का पता चला। मृतका के परिवार वालों ने गांव के ही एक प्रवासी श्रमिक छिन्दा पर वारदात का शक जताया है। आशंका जताई गई है कि गिरिजा देवी के साथ दुष्कर्म की कोशिश भी की गई। डी.एस.पी. सर्वजीत सिंह राय ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने जांच के दौरान कई युवकों को हिरासत में लिया है। एक सवाल के जवाब में डी.एस.पी. सर्वजीत राय ने बताया कि दुष्कर्म संबंधी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही खुलासा हो सकेगा। वैसे शरीर पर मार और तेजधार हथियार के घाव हैं।
20 साल से एन.आर.आई. की कोठी में रह रहा है परिवार
दलीप दास ने बताया कि वह 4 भाई और 2 बहनें हैं। उनके पिता अर्जुन दास करीब एक सप्ताह पहले गांव गए हुए हैं। दलीप के मुताबिक वह सपरिवार करीब 20 साल से गांव हेलरां में एन.आर.आई. गुरदेव सिंह की कोठी में बने हिस्से में रहते हैं। वह कोठी के देखभाल करते हैं और सारा परिवार मेहनत-मजदूरी करता है। बीती शाम करीब 7 बजे पार्टी शुरू हुई। इस दौरान आए सभी लोग उनके परिचित थे, जिनकी लिस्ट पुलिस को दे दी गई है।
पुलिस ने की प्रवासी श्रमिकों के शरीर की जांच
घटना के बाद मौके पर पहुंचे एस.पी. बलकार सिंह और डी.एस.पी. सर्वजीत राय ने मृतका के परिवार वालों से बीती रात पार्टी में हाजिर लोगों की जानकारी जुटाने के पश्चात अधिकांश युवकों को मौके पर बुला लिया। क्योंकि मृतका के साथ मारपीट कर हत्या की गई। संभावना रही कि मृतका और हत्यारे के बीच हाथापाई भी हुई।
पुलिस को शक रहा कि अगर महिला ने हत्यारे का विरोध किया है तो हत्यारे के शरीर पर भी निशान या घाव होंगे। इसी शंका के चलते पुलिस ने पार्टी में हाजिर लोगों की लिस्ट तैयार कर उन्हें मौके पर बुलाकर उनकी जांच की।
फोरैंसिक टीम ने की जांच
वारदात के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मामले की जांच साइंटिफिक ढंग से शुरू की। जालंधर देहात पुलिस की फोरैंसिक टीम ने मृतका के शरीर और घटनास्थल पर ब्लड के व अन्य सैम्पल लिए। अपुष्ट सूचना के मुताबिक मृतका के नाखून से ब्लड मिला है। डी.एस.पी. सर्वजीत राय का कहना है कि साइंटिफिक जांच के दौरान एकत्र सबूत अपराधियों को अंजाम तक पहुंचाने में सहायक रहते हैं।