Edited By Punjab Kesari,Updated: 27 Sep, 2017 10:11 AM
गांव खोखर की एक विधवा ने अपने पति के कत्ल के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पंजाब सरकार और जिला पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है।
भटिंडा (सुखविंद्र): गांव खोखर की एक विधवा ने अपने पति के कत्ल के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पंजाब सरकार और जिला पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है। प्रैस क्लब में जानकारी देते हुए सुखजीत कौर निवासी खोखर ने बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति के साथ उनका जमीन को लेकर झगड़ा चल रहा था।
गत महीने जब उसका पति कुलदीप सिंह रामां मंडी जा रहा था कि रास्ते में आरोपी फिल्मी स्टाइल में उसके पति पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल करके फरार हो गए जिसे बाद में गंभीर हालत में तलवंडी साबो के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। उसकी हालत गंभीर होती देख डाक्टरों ने उसे भटिंडा के सरकारी अस्पताल में रैफर कर दिया जहां उसकी मौत हो गई।
पीड़ित महिला ने रोष जताया कि लगभग 1 माह गुजर जाने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। पीड़ित महिला ने चेतावनी दी कि अगर आरोपियों की गिरफ्तारी न हुई तो वह खुदकुशी करने के लिए मजबूर होगी जिसकी जिम्मेदारी पंजाब सरकार और जिला प्रशासन की होगी।