जालंधरः अवैध संबंधों के चलते पत्नी की हत्या

Edited By Punjab Kesari,Updated: 11 Nov, 2017 08:34 AM

wife s murder due to illicit relations

शहर के कैंट इलाके में अवैध संबंधों के चलते पति ने पत्नी को मौत के घाट उतार दिया।

जालंधर(सोनू/महेश):  प्रेम संबंधों के शक में जालंधर छावनी में शुक्रवार को दिन-दिहाड़े एक आटो चालक ने अपनी 44 वर्षीय पत्नी की चाकू से कई वार करते हुए हत्या कर दी। मृतका की पहचान शोभा शर्मा निवासी मोहल्ला नं. 32, जालंधर छावनी के रूप में हुई है। उसका पति संजय कुमार पुत्र किशन कुमार वारदात को अंजाम देने के बाद खुद ही थाना जालंधर छावनी पहुंच गया और अपना गुनाह भी कबूल कर लिया। 
एस.एच.ओ. रामपाल ने बताया कि उक्त वारदात की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंच गए और खून से लथपथ जमीन पर पड़ी शोभा शर्मा को कैंट बोर्ड अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत करार दे दिया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया। वारदात वाली जगह पर पुलिस के अलावा अन्य माहिर टीमें भी जांच के लिए पहुंची हुई थीं। आरोपी संजय कुमार ने पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल करते हुए कहा कि उसने ही अपनी पत्नी की हत्या की है। उसने कहा कि उसकी पत्नी के किसी के साथ अवैध संबंध थे, जिसे लेकर वह उसे रोकता भी था लेकिन उसके न मानने पर आज उसने उसकी जान ले ली। पेशे से आटो चालक संजय कुमार ने कहा कि उसे अपनी सजा की कोई परवाह नहीं है। 


बेटी के बयानों पर हुआ बाप पर केस दर्ज
 मृतका शोभा शर्मा की 3 बेटियां हैं। सबसे बड़ी बेटी काजल (19) दिल्ली में रहती है और वहीं नौकरी करती है। उससे छोटी किरण (18) कैंट में ही अपनी मां के साथ काम करती थी। तीसरी और सबसे छोटी बेटी आशिमा (16) 10वीं क्लास में पढ़ती है और वह वारदात के समय मौके पर मौजूद थी। एस.एच.ओ. रामपाल ने बताया कि उसने पुलिस को बयान दिए हैं कि जब उसके पिता संजय ने उसकी मां शोभा पर चाकू से वार करने शुरू किए तो उसने पिता का विरोध किया। उसने कहा कि जब वह आगे बढ़ी तो उसके पिता ने उस पर भी हमला कर दिया। मां के बेसुध होकर नीचे गिरने के बाद वह भी पीछे हट गई। पुलिस ने अस्पताल में उपचाराधीन आशिमा के बयानों पर थाना कैंट में संजय कुमार के खिलाफ आई.पी.सी. की धारा 302 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। एस.एच.ओ. के अनुसार आशिमा की हालत खतरे से बाहर है। 


28 साल पहले हुई थी शोभा-संजय की शादी
 28 साल पहले कैंट निवासी शोभा शर्मा की शादी दीप नगर में रहते पंडित किशन कुमार के बेटे संजय के साथ हुई थी। शादी के काफी समय बाद तक घर में सब कुछ ठीक चल रहा था। पिछले कुछ समय से शोभा पर किसी के साथ अवैध संबंधों के शक पर संजय ने उसके साथ विवाद करना शुरू किया हुआ था। घर मे अक्सर क्लेश रहता था। इसी क्लेश में आज संजय अपनी पत्नी की जान का दुश्मन बन गया। उसने यह भी नहीं सोचा कि पत्नी को जान से मार देने के बाद जब वह खुद जेल में सजा काटेगा तो उसकी 3 बेटियों का रखवाला कौैन होगा। 

 

PunjabKesari

आरोपी को आज किया जाएगा अदालत में पेश
 पत्नी की हत्या के बाद थाने जाकर सरैंडर करने वाले आरोपी ऑटो चालक संजय कुमार को शनिवार सुबह माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। एस.एच.ओ. रामपाल ने बताया कि पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। 
यह भी पता लगाया जा रहा है कि मृतका शोभा शर्मा के किसी के साथ अवैध संबंध थे भी या नहीं। कहीं उसकी हत्या के पीछे कोई और कारण न बना हो। थाना कैंट प्रभारी ने कहा है कि पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच करेगी ताकि पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके। मृतका शोभा शर्मा का पोस्टमार्टम भी आज सुबह होगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। 

PunjabKesari

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!