Edited By Punjab Kesari,Updated: 10 Jun, 2017 09:32 PM
केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला...
चंडीगढ़: केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला ने आज सवाल उठाया कि राज्य में किसानों की आत्महत्या तथा कांग्रेसी लोगों द्वारा दलितों पर किए जा रहे अत्याचारों पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी चुप्पी क्यों साधे हुए हैं।
सांपला ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि राज्य में कैप्टन अमरेंद्र के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के लगभग तीन महीने के शासनकाल में 73 किसान आत्महत्या कर चुके हैं तथा दलितों पर अत्याचारों की दिल दहलाने वाली अनेक घटनाएं हुई हैं लेकिन गांधी की ओर से इन पर सहानुभूति का एक भी शब्द अब तक नहीं आया है जबकि वह भाजपा शासित राज्यों में किसानों और दलितों के मुद्दों पर राजनीति करने का कोई भी मौका हाथ से नहीं जाने देते।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राज्य में कांग्रेस के लोग दलितों की हत्याएं, उनकी जमीनों पर कब्जा, सरेआम पिटाई, नंगा घुमाने और जिंदा जलाने जैसी हरकतें कर रहे हैं। दलित महिलाओं से जोर-जबरदस्ती की जा रही है और कांग्रेस उपाध्यक्ष केवल मूकदर्शक बने हुए हैं। सांपला ने सवाल किया कि गांधी भाजपा शासित राज्यों में तो पीड़ित किसानों से मिलने के लिए आतुर हैं लेकिन पंजाब में गत तीन माह में आत्महत्याएं करने वाले 73 किसानों के परिजनों से कब मिलने आ रहे हैं।