Edited By Punjab Kesari,Updated: 23 Jul, 2017 09:26 PM
गत देर रात्रि मोगा से कुछ दूरी पर गांव तारेवाला में अज्ञात लुटेरे बुजुर्ग दंपति गुरचरन...
मोगा(आजाद): गत देर रात्रि मोगा से कुछ दूरी पर गांव तारेवाला में अज्ञात लुटेरे बुजुर्ग दंपति गुरचरन सिंह (65) तथा उसकी पत्नी बलजीत कौर (55) पर जानलेवा हमला कर गुरचरन सिंह की हत्या करने के बाद घर से सोने के गहने तथा नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
क्या है सारा मामला
जानकारी के अनुसार गुरचरन सिंह व उसकी पत्नी बलजीत कौर कोठी में अकेले रहते हैं जबकि उसके सभी बेटे मनीला में रहते हैं। गत रात्रि 1 बजे के करीब अज्ञात हथियारबंद लुटेरे दीवार फांदकर घर में घुसे और बुजुर्ग दंपति से मारपीट करने के अलावा गुरचरन सिंह की गला रेतकर हत्या कर दी जबकि बलजीत कौर का गला घोंटकर हत्या का प्रयास किया गया लेकिन बेहोश होने के कारण लुटेरे उसे मरा हुआ समझकर छोड़ गए और घर में पड़े 8 तोले सोने के गहने, डॉलर व रुपए ले गए।मृतक के भाई चमकौर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह गांव के ही एक व्यक्ति दर्शन सिंह के साथ सुबह सैर करने के लिए जा रहा था। जब वह अपने भाई के घर के आगे से गुजरा तो उसे घर के अंदर से चीखने की आवाज सुनाई दी। वह तुरंत अपने दोस्त सहित अंदर भागा तो उसने देखा कि उसके भाई गुरचरन सिंह की मृत्यु हो चुकी थी जबकि उसकी भाभी बेहोशी की हालत में पड़ी थी। हमने तुरंत उसे सिविल अस्पताल मोगा दाखिल करवाया और इसकी जानकारी थाना चडि़क को दी।
कुछ दिन पहले ही बेचा था प्लाट
जानकारी के अनुसार बुजुर्ग दंपति ने करीब 20 दिन पहले अपना 17 मरले का प्लाट साढ़े 8 लाख रुपए में गांव के ही एक एन.आर.आई. बिट्टू सिंह को बेचा था जिसमें से कुछ पैसे उन्होंने अपने सगे-संबंधी के माध्यम से बैंक में जमा करवा दिए तथा कुछ पैसे अपने पास रख लिए। शंका है कि लुटेरे लूटपाट की नीयत से घर में घुसे थे। घटना की जानकारी मिलने पर मोगा के एस.पी. (आई.) वजीर सिंह, डी.एस.पी. (आई.) सर्बजीत सिंह बाहिया, डी.एस.पी. (सिटी) गोङ्क्षबदर सिंह, सी.आई.ए. प्रभारी इंस्पैक्टर किक्कर सिंह, थाना चडि़क के प्रभारी इंस्पैक्टर जसकार सिंह, सहायक थानेदार सुरजीत सिंह, सहायक थानेदार लखविन्द्र सिंह, सहायक थानेदार अशोक कुमार के अलावा ङ्क्षफगर पिं्रट माहिर तथा डॉग स्क्वायड टीम वहां पहुंची।
क्या हुई पुलिस कार्रवाई
इस संबंधी थाना चडि़क के प्रभारी इंस्पैक्टर जसकार सिंह ने बताया कि थाना सिटी साऊथ मोगा द्वारा चमकौर सिंह पुत्र लछमन सिंह के बयानों पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतक की पत्नी बलजीत कौर से बेहोशी की हालत में होने के कारण ज्यादा पूछताछ नहीं की जा सकी। शव को आज सिविल अस्पताल मोगा से पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि गांव में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों के अलावा आसपास के गांवों तथा सड़कों पर स्थित घरों में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों को खंगाला जा रहा है। जल्द कोई सुराग मिलने की संभावना है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने गुरचरन सिंह की हत्या के मामले में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ आरंभ कर दी है।