Edited By Punjab Kesari,Updated: 24 Oct, 2017 11:07 AM
दीपावली के अवकाश का लाभ उठाकर स्थानीय जहाजगढ़ क्षेत्र में स्थित ट्रक स्टैंड स्कीम में करवाए जा रहे अवैध निर्माण का पता चलते ही नगर सुधार ट्रस्ट कार्यालय की टीम एक्स.ई.एन. प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में एस.डी.ओ. राजबीर सिंह के साथ अवैध निर्माण को...
अमृतसर (महेन्द्र): दीपावली के अवकाश का लाभ उठाकर स्थानीय जहाजगढ़ क्षेत्र में स्थित ट्रक स्टैंड स्कीम में करवाए जा रहे अवैध निर्माण का पता चलते ही नगर सुधार ट्रस्ट कार्यालय की टीम एक्स.ई.एन. प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में एस.डी.ओ. राजबीर सिंह के साथ अवैध निर्माण को गिराने पहुंचे।
ट्रस्ट अधिकारी अपने साथ जे.सी.बी. मशीन व 2 ट्रालियां भी लेकर आए हुए थे। इसके अलावा महां सिंह गेट में भी ट्रस्ट की मार्कीट के बरामदे के कुछ हिस्से के दोनों ओर अवैध लगाए दोनों शटर भी ट्रस्ट की टीम ने गिरा दिए। स्थानीय ट्रस्ट के एस.ई. राजीव सेखड़ी व एक्स.ई.एन. प्रदीप जायसवाल ने बताया कि ट्रस्ट कार्यालय को सूचना मिली थी कि दीपावली पर सरकारी कार्यालयों में चल रहे अवकाश का लाभ उठा कर स्थानीय जहाजगढ़ में स्थित ट्रक स्टैंड की स्कीम में एक प्लॉट पर अवैध ढंग से गोदाम बनाया जा रहा है।
सोमवार को सूचना मिलते ही ट्रस्ट की टीम जहाजगढ़ क्षेत्र में पहुंची और निर्माण करवाने वाले शख्स से गोदाम का नक्शा दिखाने को कहा, लेकिन वह उसका कोई नक्शा नहीं दिखा पाया था। इस दौरान पता चला कि वह इस गोदाम का नक्शा पास करवाए बिना ही यह अवैध निर्माण करवा रहा था। उसे नक्शा पास करवाए बिना निर्माण करवाने से रोक दिया गया है।
ट्रस्ट की मार्कीट के बरामदे के दोनों तरफ लगाए शटर हटवाए
ट्रस्ट के एस.ई. राजीव सेखड़ी तथा एक्स.ई.एन. प्रदीप जायसवाल ने बताया कि उनके कार्यालय को इस बात की भी जानकारी मिली थी कि स्थानीय महां सिंह गेट क्षेत्र में स्थित एक स्कूल के नीचे बनी ट्रस्ट की मार्कीट के बरामदे के कुछ हिस्से में एक दुकानदार दोनों तरफ अवैध तौर पर शटर लगा कर उसे दुकान के तौर पर इस्तेमाल कर रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही ट्रस्ट की टीम मौके पर पहुंची तथा बरामदे के एक हिस्से पर अवैध कब्जा कर वहां पर लगवाए गए शटर हटवा दिए और अवैध कब्जा हटाया गया।