Edited By Punjab Kesari,Updated: 16 Oct, 2017 09:45 AM
थाना सदर पुलिस ने गांव कोटली देवन के मजदूर के बयानों पर नगर कौंसिल प्रधान और उसके साथियों पर बंधक बनाकर पीटने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
श्री मुक्तसर साहिब(तनेजा): थाना सदर पुलिस ने गांव कोटली देवन के मजदूर के बयानों पर नगर कौंसिल प्रधान और उसके साथियों पर बंधक बनाकर पीटने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। गांव कोटली देवन निवासी गुरतेज सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह साढ़े पांच माह से नगर कौंसिल प्रधान हरपाल सिंह बेदी के खेतों में मजदूरी करता था।
करीब एक सप्ताह पहले वह खेतों से कुछ देर के लिए घर गया था। जब वह खेतों में पहुंचा तो वहां पर हरपाल सिंह बेदी पहले ही अपने 2 साथियों सहित मौजूद था। बेदी ने जाते ही उसकी साथ बहस शुरू कर दी। जब उसने अपनी मुश्किल बतानी चाही तो उसने व उसके साथियों ने उसे यह कहकर पीटना शुरू कर दिया कि वह उनके आगे बोलता है।
मारपीट करने के बाद उक्त लोगों ने उसे कमरे में बंद कर दिया और जान से मारने की भी धमकी दी। तीसरे दिन उसके गांव के ही व्यक्ति उसे वहां से छुड़वाकर ले गए और अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने गुरतेज सिंह के बयानों पर हरपाल सिंह बेदी व 2 अज्ञात लोगों पर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है।