Edited By Punjab Kesari,Updated: 13 Aug, 2017 02:28 AM
पिछले लम्बे अर्से से संसदीय लोकसभा हलका गुरदासपुर में सक्रिय नेता स्वर्ण सलारिया ने...
पठानकोट: पिछले लम्बे अर्से से संसदीय लोकसभा हलका गुरदासपुर में सक्रिय नेता स्वर्ण सलारिया ने शनिवार को लोगों के दिल में अपनी अलग जगह बना ली है। वह लोकसभा हलका गुरदासपुर की आवाज हैं। उनकी जिला गुरदासपुर, पठानकोट के हर भाजपा नेता, पदाधिकारी, कार्यकत्र्ता व आम लोगों से नजदीकियां बनी हुई हैं इसीलिए इस बार भाजपा हाईकमान काम करने वाले लीडर को आगे लाने के मूड में है।
सलारिया अपने राजनीतिक करियर में 3 बार लोकसभा हलका एवं 2 बार विधानसभा के चुनाव इंचार्ज व प्रभारी रह चुके हैं। उन्होंने दिन-रात मेहनत करके जिले व मंडल के एक-एक कार्यकत्र्ता को साथ लेकर लोगों को भाजपा की नीतियों प्रति जागरूक करवाया व उन्हें पार्टी के साथ जोड़ा है। शुक्रवार को एक भेंटवार्ता में भाजपा नेता स्वर्ण सलारिया ने लोकसभा हलका के उपचुनाव की बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा हाईकमान ने उनसे वायदा किया था कि इस बार उन्हें लोकसभा हलका गुरदासपुर से पार्टी की टिकट दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि पार्टी हाईकमान उन्हें इस बार हलका की टिकट देकर मान बख्शेगी तथा वह लोकसभा हलका के सभी कार्यकत्र्ताओं व जनता, जिनसे उन्हें विशेष लगाव है, के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उपचुनाव में उनके हक में परचम फहराएंगे। उन्होंने कहा कि वह स्वतंत्रता सेनानी परिवार से संबंध रखते हैं। उनकी शिक्षा इसी हलके में हुई है, इसलिए उनका इस हलके से विशेष लगाव है। वह इस हलके की बेहतरी हेतु जो बड़ी-बड़ी सुविधाएं हैं, जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़कें, इंडस्ट्री को लाना चाहते हैं तथा बेरोजगारी को खत्म करना चाहते हैं। स्वर्ण सलारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच ‘सबका साथ-सबका विकास’ से वह बहुत प्रभावित हैं। उनके पदचिन्हों पर चलते हुए उनके आशीर्वाद से इस क्षेत्र को वह दुनिया के मानचित्र पर लाएंगे।