Edited By Updated: 23 Feb, 2017 08:47 AM
इंडियन नैशनल लोक दल (इनैलो) के 23 फरवरी को एस.वाई.एल. के निर्माण के ऐलान के मद्देनजर एक दिन पहले शंभू बार्डर से कपूरी तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
पटियाला/चंडीगढ़/राजपुरा(पंकेस): इंडियन नैशनल लोक दल (इनैलो) के 23 फरवरी को एस.वाई.एल. के निर्माण के ऐलान के मद्देनजर एक दिन पहले शंभू बार्डर से कपूरी तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। इनैलो का एक भी वर्कर पंजाब में एंटर न कर सके, इसके लिए 5 हजार पंजाब पुलिस के जवान, 15 कंपनियां पैरा-मिलिट्री फोर्स की तैनात कर दी गई हैं। समूचे हरियाणा बार्डर को सील कर दिया गया है। इस आप्रेशन की कमान खुद डी.जी.पी. सुरेश अरोड़ा ने अपने हाथ में ले ली है। वह 2 बार शंभू बार्डर पर तैयारियों का जायजा लेने के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि पंजाब में परिंदे को भी पर नहीं मारने दिया जाएगा। दूसरी तरफ हरियाणा पुलिस ने भी पूरी तैयारियां की हुई हैं क्योंकि इनैलो वर्कर अपने ऐलान के मुताबिक सब्जी मंडी अंबाला में इकट्ठा होंगे और वहां से पंजाब की तरफ मार्च करेंगे जहां से शंभू पंजाब में एंटर करने का सबसे आसान और नजदीकी रास्ता है। ऐसे में पंजाब पुलिस ने शंभू के किले को अपना बेस कैंप बना लिया है।
वहीं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज गंगा राम अहीर ने आज यहां राज भवन पहुंचने के बाद पंजाब के राज्यपाल वी.पी. सिंह बदनौर से अनौपचारिक मुलाकात के दौरान एस.वाई.एल. विवाद को लेकर दोनों राज्यों में पैदा हुई स्थिति की जानकारी ली। राज्यपाल ने केंद्रीय गृहराज्य मंत्री को बताया कि पंजाब सरकार की ओर से स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पूरे सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने पत्रकारों को बताया कि केंद्र सरकार मामले को लेकर नजर रखे हुए हैं।
कंटीली तारें भी लगाईं
आप्रेशन को देखते हुए पुलिस की तरफ से हरियाणा के साथ लगते समूचे बार्डर सील कर दिए गए। उक्त स्थान पर लोहे के खंभे, मिट्टी के थैले और कंटीली तारें लगा दी गई हैं जिससे कोई भी इनैलो वर्कर पंजाब में एंटर न कर सके।
ड्रोन और सी.सी.टी.वी. कैमरे रखेंगे हर स्थिति पर नजर
हर तरह की स्थिति पर नजर रखने के लिए पंजाब पुलिस ने जगह-जगह पर सी.सी.टी.वी. कैमरों के अलावा ड्रोन कैमरे भी लगाए हुए हैं। ड्रोन और सी.सी.टी.वी. कैमरों के द्वारा पुलिस दूर-दूर तक नजर रख रही है। पंजाब पुलिस का एक हैलीकाप्टर दिन भर हरियाणा बार्डर की निगरानी करता रहा। इस हैलीकाप्टर में सवार जवान दोनों राज्यों के हालातों का जायजा ले रहे थे। दिन भर समय-समय पर शंभू बार्डर से कपूरी तक हैलीकाप्टर गश्त करता रहा।