Edited By Punjab Kesari,Updated: 22 Sep, 2017 12:38 PM
केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की क्षेत्रीय प्रचार इकाई व जिला प्रशासन की तरफ से सीमावर्ती गांव चीचा में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान
अमृतसर (नीरज): केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की क्षेत्रीय प्रचार इकाई व जिला प्रशासन की तरफ से सीमावर्ती गांव चीचा में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत समागम करवाया गया जिसमें डी.सी. कमलदीप सिंह संघा मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित हुए व हलका विधायक तरसेम सिंह डी.सी. व एन.सी.सी. पंजाब बटालियन के कमांडिंग अफसर कर्नल नरिन्द्र सिंह विशेष मेहमान के रूप में उपस्थित हुए।
डी.सी. कमलदीप सिंह संघा ने बताया कि भारत सरकार की तरफ से देश के 707 जिलों में शौचालय बनाने का काम चल रहा है जिसमें अमृतसर जिला 400वें स्थान पर था लेकिन प्रशासन की निगरानी के चलते अब 235वें नंबर पर आ गया है। जिला प्रशासन चाहता है कि शौचालय बनाने के काम में अमृतसर जिले को पहले 10 जिलों में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि शौचालय बनने से किसी भी नागरिक को खुले में शौच नहीं करना पड़ेगा और हर व्यक्ति खुले में शौच करने से होने वाली बीमारियों से बचेगा। सरकार की तरफ से सब्सिडी पर शौचालय बनाए जा रहे हैं। विधायक तरसेम सिंह डी.सी. ने कहा कि आस-पास को साफ-सुथरा रखकर ही एक सेहतमंद समाज बनाया जा सकता है। गांव चीचा में शौचालय बनाने का काम पूरी तेजी के साथ चल रहा है। कर्नल नरिन्द्र सिंह ने कहा कि एन.सी.सी. यूनिट ने गांव चीचा को गोद लिया है, इस गांव को साफ-सुथरा रखने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।