Edited By Updated: 08 Dec, 2016 09:57 AM
जलालाबाद में डेरा ब्यास प्रमुख का सत्संग सुनने पहुंचे सुखबीर बादल
जलालाबाद : विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों के नेताअों ने डेरों में चक्कर लगाने शुरू कर दिए है। इसको लेकर डेरों की सियासत भी गर्मा गई है। डेरों के वोट बैंक पर राजनीतिक दलों की पैनी नजर है। शायद इसी अौर संकेत देता है सुखबीर का जलालाबाद में होने वाले डेरा प्रमुख बाबा गुरिंदर जी के सत्संग में जाना।
जानकारी के अनुसार डिप्टी सी.एम.सुखबीर बादल के हलके जलालाबाद में डेरा ब्यास प्रमुख बाबा गुरिन्दर सिंह जी की तरफ से सत्संग किया जा रहा है, जिस में संगत दर्शन करके वापस लौट रहे उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल व राजस्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया फिरोजपुर रोड पर बने राधास्वामी डेरे पर पहुंचे जहां उन्होंने बाबा जी का सत्संग सुना व डेरा मुखी बाबा गुरिंद्र सिंह जी सोढी से आशीर्वाद लिया। विधानसभा चुनाव से पूर्व सुखबीर के हलके में बाबा जी के सत्संग के दौरान सुखबीर व मजीठिया का पहुंचना सियासी लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। हालांकि डेरा ब्यास हमेशा सियासी रुप से निष्पक्ष रहा है लेकिन इसके बाबजूद सियासी माहिर इन दोनों नेताओं के सत्संग में जाने को सियासत से जोड़ कर देख रहे हैं।
इससे पहले सुखबीर नें शहर के 17 वार्डों में संगत दर्शन को लेकर विभिन्न 4 स्थानों पर संगत दर्शन किया। निर्धारित समय से करीब एक घंटे की देरी से शहर पहुंचे उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पहले गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में पहले संगत दर्शन में पहुंचे। सुरक्षा घेरा तोड़कर उपमुख्यमंत्री बादल पंडाल में मौजूद आम लोगों के बीच में गए व गर्मजोशी से मुलाकात कर लोगों से उनकी मुश्किलों के बारे में जाना। स्थानीय लोगों ने शिकायतों का पिटारा उपमुख्यमंत्री के समक्ष खोल दिया जिस कारण आम लोगों को सुनने की बजाय उपमुख्यमंत्री ने शहर में करवाए विकास कार्यों को गिनवाकर अकाली-भाजपा सरकार के पक्ष में मतदान करने की अपील की। संगत दर्शन में सुखबीर सिंह बादल महज 15 मिनट के भीतर ही पांच वार्डों के पार्षदों को मिलकर उनकी समस्याओं को सुनने के बाद अगले कार्यक्रम के लिए निकल गए जिस कारण वहां मौजूद लोगों में भारी निराशा देखने को मिली।