Edited By Punjab Kesari,Updated: 28 Sep, 2017 01:18 PM
अज्ञात व्यक्तियों ने बेदी नगर मोगा निवासी 14-15 वर्षीय नाबालिग को अगवा कर लिया।
मोगा (आजाद): अज्ञात व्यक्तियों ने बेदी नगर मोगा निवासी 14-15 वर्षीय नाबालिग को अगवा कर लिया। इस संबंध में थाना सिटी मोगा द्वारा सुप्रिया पत्नी रामसरण निवासी बेदी नगर मोगा की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अगवा कर ले जाने के आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को दिए शिकायत पत्र में सुप्रिया ने कहा कि उसके देवर की मौत हो चुकी है और उसकी पत्नी उसके 2 बच्चों को छोड़कर चली गई। दोनों बच्चे अभिषेक तथा राकेश की देखभाल वह करती है। अभिषेक 5वीं कक्षा में गोधेवाला स्कूल में पढ़ता था। वह 27 जुलाई को घर से स्कूल गया और वापस नहीं आया। हमने उसकी बहुत तलाश की और रिश्तेदारियों में भी पता किया लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
हमें शक है कि अभिषेक को कोई भीख मांगने वाले गिरोह के सदस्य अगवा करके अपने साथ ले गए हैं। इस मामले की जांच कर रहे फोकल प्वाइंट पुलिस चौकी के प्रभारी सहायक थानेदार जयपाल सिंह ने बताया कि सुप्रिया का परिवार यू.पी. का रहने वाला है और वह काफी समय से मोगा में रह रहे हैं। उसकी शिकायत को हम गंभीरता से ले रहे हैं और मंदबुद्धि नाबालिग बच्चे की तलाश हेतु शक के आधार पर कई जगह पर छापेमारी की जा रही है। जल्द कोई सुराग मिलने की संभावना है।