Edited By Updated: 22 Feb, 2017 02:11 PM
शहर के ग्यासपुरा इलाके में जैन के ठेके के पास दो समुदाय के लोगों में बच्चों के मामली विवाद की बात पर कहासुनी हो गई । बहस इतनी बढ़ गई कि भारी पथराव तक हो गया जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
लुधियाना(कुलवंत): 33 फुटा रोड ग्यासपुरा में 2 समुदायों के बीच जमकर घमासान हुआ, वहां जमकर लात घूंसे चले व बाद में दोनों तरफ से पथराव भी किया गया। इस घमासान में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए। इसके बाद सूचना पुलिस को मिली तो ए.डी.सी.पी. कुलदीप शर्मा की अगुवाई में कई थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को संभाला और बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। इससे पहले दोनों पक्षों की तरफ से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए।
धार्मिक स्थल के गोबिंद का आरोप था कि दूसरे समुदाय के लोग अक्सर उनकी धार्मिक भावनाओं को आहत करते थे। ये लोग पान की पीक उनके धार्मिक स्थल के आगे फैंक देते थे। इस बाबत कई बार इन लोगों को समझाया गया था। गत रात्रि इसी बात को लेकर विवाद हुआ था और मामला किसी तरह टल गया था। सुबह लोग बातचीत के दौरान दूसरे समुदाय के लोगों ने पहले से ही अपने घरों की छतों पर पत्थर जमा कर रखे थे। बातचीत की बजाय उन लोगों ने उन पर पथराव कर दिया।
इसमें उनके पक्ष के लोगों में से कोमल, सुशील, बिमलेश, संजीव, जसवीर, सपना, धर्मेन्द्र व बॉबी नामक युवक घायल हो गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी जबकि दूसरी तरफ से आरोप था कि दूसरा पक्ष उनकी भावनाओं को आहत करता आ रहा है। वह लोग कम संख्या में होने के कारण दूसरा पक्ष अक्सर उनके साथ धक्का करता था। यहां तक कि उनके धार्मिक स्थान के आगे ये लोग गलत हरकतें करते थे। उन्होंने किसी की भावनाओं को आहत नहीं किया है।
जब वह लोग बातचीत के लिए जमा हुए तो दूसरे पक्ष के लोगों ने बाहरी लोगों को बुलाकर उन पर हमला बोल दिया। जब दोनों तरफ से पथराव हुआ तो माहौल हिंसक हो गया। लोग अपने घरों में दुबक गए। पुलिस पहुंचने के बाद जब दोनों पक्षों में समझौता हो रहा था तो चंद शिव सैनिक भी वहां पहुंच गए और उन्होंने धार्मिक स्थल की बेअदबी का आरोप लगाकर कमेटी के सदस्यों को बहलाना शुरू कर दिया। पुलिस ने लाठी के दम पर उन सभी छिटपुट नेताओं को खदेड़ दिया और उसके बाद माहौल सामान्य हो पाया।
ए.डी.सी.पी. कुलदीप शर्मा ने कहा कि दोनों पक्षों के लोगों को समझा दिया गया है, दोनों पक्ष एक-दूसरे के धर्म का सत्कार करेंगे। वहीं लोगों का कहना था कि इस इलाके में क्राइम ग्राफ अधिक है, यहां पर सरेआम नशा बिकता है और जुआ खेलने के लिए स्टाइगर तक चलते हैं लेकिन पुलिस ऐसे लोगों पर अंकुश नहीं लगा पाई, जिस कारण आए दिन शरारती तत्व माहौल को बिगाडऩे की साजिशें रचते रहते हैं। ए.डी.सी.पी. ने कहा कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाएगी व किसी को भी माहौल बिगाडऩे की इजाजत नहीं दी जाएगी।