Edited By Punjab Kesari,Updated: 27 Jul, 2017 04:53 PM
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी तथा देश में लिए दिए योगदान को याद करते हुए राजमाता मोहिंदर कौर के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
पटियाला : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी तथा देश में दिए योगदान को याद करते हुए राजमाता मोहिंदर कौर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह को शोक पत्र भेज सोनिया ने राजमाता को एक ऐसी महिला बताया जिसने अपना जीवन शानदार, समर्पण और गौरवमयी ढंग के साथ व्यतीत किया और कांग्रेस पार्टी तथा देश के प्रति सेवाओं को दृढ़ता के साथ निभाया।
श्रीमती गांधी ने अपने पत्र में लिखा है, उन्हें राज्यसभा और लोकसभा के वर्षों से सदस्य रहते हुए देशभक्ति के प्रति अटल दृढ़ता व्यक्त की तथा अच्छे नागरिक वाले मानवीय मूल्यों द्वारा शिक्षा के प्रसार के लिए अपनी वचनबद्धता बनाई रखी। उन्होंने कहा कि राजमाता का सियासी गलियारों में बहुत मान-सम्मान था। उन्होंने राजमाता की दिवंगत आत्मा की शांति के लिए अरदास की।
गौरतलब है कि पटियाला रियासत की महारानी रह चुकीं मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह की मां व राजमाता पूर्व सांसद मोहिंदर कौर (95) का सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे न्यू मोती बाग पैलेस में देहांत हो गया था। उन्हें राजमाता कहकर संबोधित किया जाता था। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार शाही समाधां, पटियाला में किया गया।
राजमाता के पिता हरचंद सिंह जयजी रियासत प्रजा मंडल के सदस्य थे। उनकी शादी अगस्त 19 में 16 साल की उम्र में ही पटियाला रियासत के महाराजा यादविंदर सिंह के साथ हुई थी। राजमाता के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने गहरा दुख व्यक्त किया है।