Edited By Punjab Kesari,Updated: 20 Jun, 2017 02:12 PM
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आर.एस.एस.) का लोहा नगरी मंडी गोबिंदगढ़ में होने वाला संभावित शक्ति प्रदर्शन सिख जत्थेबंदियों के विरोध के बाद स्थगित
मंडी गोबिंदगढ़: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आर.एस.एस.) का लोहा नगरी मंडी गोबिंदगढ़ में होने वाला संभावित शक्ति प्रदर्शन सिख जत्थेबंदियों के विरोध के बाद स्थगित किए जाने की जानकारी है। हालांकि इससे पहले सुबह करीब 9-10 बजे से लोहा नगरी के बाजारों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस मुलाजिम तैनात किए गए थे लेकिन सायं करीब 5 बजे जब इस मार्च का समय आया तो अचानक बाजारों से पुलिस को हटा लिया गया।
इससे पहले दोपहर को यूनाइटिड सिख पार्टी, पंथ खालसा सत्कार कमेटी एवं सिख कमेटी के जसविन्द्र सिंह राजपुरा, गुरजीत सिंह, हरचंद सिंह मंडेआणा, इन्द्रजीत सिंह, बलजीत सिंह आदि समेत भारी संख्या में सिख नेता एवं निहंग सिंह पुलिस स्टेशन में डी.एस.पी. मनप्रीत सिंह से मिले। उन्होंने इस मार्च के विरोध में एक ज्ञापन देते हुए इसे रोकने की मांग की। उन्होंने कहा कि आर.एस.एस. के इस शक्ति प्रदर्शन से इलाके में दहशत का माहौल पैदा होता है। इस संबंधी जब आर.एस.एस. के एक स्थानीय नेता से बात की गई तो उन्होंने शक्ति प्रदर्शन के स्थगित होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि फिलहाल उन्हें इसके सही कारण का तो नहीं पता लेकिन इसका कारण उन्हें प्रशासन द्वारा मना किया जाना बताया। इस संबंधी डी.एस.पी. अमलोह मनप्रीत सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि फिलहाल इसे करीब 2 घंटे लेट कर दिया गया है तथा इसका रूट भी बदला जा रहा है।