Edited By Punjab Kesari,Updated: 19 Oct, 2017 12:40 PM
शिवसेना (बाल ठाकरे) पंजाब के वरिष्ठ नेता जगदीश कटारिया ने लुधियाना में आर.एस.एस. नेता रविन्द्र गोसाईं की हत्या होने की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे पंजाब में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार व पुलिस विभाग के एक बड़े हिस्से का देश व समाज विरोधी तत्वों...
कपूरथला: शिवसेना (बाल ठाकरे) पंजाब के वरिष्ठ नेता जगदीश कटारिया ने लुधियाना में आर.एस.एस. नेता रविन्द्र गोसाईं की हत्या होने की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे पंजाब में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार व पुलिस विभाग के एक बड़े हिस्से का देश व समाज विरोधी तत्वों के सामने घुटने टेकना करार दिया है।
कटारिया ने कहा कि पंजाब में पूर्व अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार के दौर में शुरू हुई सियासी विशेषकर हिन्दू नेताओं की हत्याओं का मौजूदा कांग्रेस सरकार के शासनकाल में भी जारी रहना पंजाब में अमन-कानून की व्यवस्था की अर्थी निकलने और देश व समाज विरोधी तत्वों के हौसले बुलंद होने का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कै. अमरेन्द्र सिंह हिन्दू नेताओं की हत्याओं के मामले में ‘तमाशबीन’ सिद्ध हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब को हिन्दू नेताओं की ‘कत्लगाह’ बनना किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। कटारिया ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पंजाब में सियासी व हिन्दू नेताओं की हत्याएं बंद न हुईं तो इसके परिणाम पंजाब की कांग्रेस सरकार के लिए ही नहीं, बल्कि पंजाब की अमन-शांति के लिए भी अत्यंत घातक सिद्ध होंगे।