Edited By Updated: 19 Jan, 2017 11:41 AM
22 एकड़ भगवान वाल्मीकि चौक नजदीक उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब पंजाब निर्माण मजदूर यूनियन के नेता नगर सुधार ट्रस्ट की जगह पर शैड का पुनर्निर्माण कर रहे थे।
बरनाला (विवेक सिंधवानी, गोयल): 22 एकड़ भगवान वाल्मीकि चौक नजदीक उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब पंजाब निर्माण मजदूर यूनियन के नेता नगर सुधार ट्रस्ट की जगह पर शैड का पुनर्निर्माण कर रहे थे। नगर सुधार ट्रस्ट के अधिकारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी व खुद भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आकर मजदूरों की ओर से करवाए जा रहे शैड का निर्माण कार्य रोक दिया, जिससे भड़क कर मजदूरों ने पंजाब सरकार व नगर सुधार ट्रस्ट के अधिकारियों विरुद्ध जमकर नारेबाजी शुरू कर दी।
बाकी के अवैध कब्जे भी जल्द हटवाएंगे
नगर सुधार ट्रस्ट के अधिकारी इमरान ने कहा कि नगर सुधार ट्रस्ट की जगह पर मजदूरों की ओर से अवैध तौर पर शैड का निर्माण किया जा रहा था जो हमने पुलिस की सहायता से रोक दिया। जब उनसे पूछा गया कि दुकानदारों की ओर से किए अवैध कब्जे तो नगर सुधार ट्रस्ट हटवाती नहीं तो उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने ट्रस्ट की जगह पर अवैध कब्जे किए हुए हैं उनको भी जल्द हटाया जाएगा।
दुकानदारों की ओर से किए गए अवैध कब्जे तो नहीं हटवाते अधिकारी
पंजाब निर्माण मजदूर यूनियन ने संयोजक मलकीत सिंह व निर्मल सिंह ने कहा कि कड़कती ठंड में मजदूर सुबह के समय बहुत परेशान होते हैं। हमारी ओर से पहले यहां शैड का निर्माण किया हुआ था जो गिर गया था। हम इसका पुनर्निर्माण अपनी जेबों में से पैसे डालकर कर रहे थे। सुबह हजारों की संख्या में मजदूर यहां अपनी रोजी-रोटी कमाने के लिए दिहाड़ी का कार्य ढूंढने के लिए आते हैं परंतु नगर सुधार ट्रस्ट के अधिकारियों को यह हजम नहीं हुआ व शैड का निर्माण पुलिस की सहायता से रोक दिया।
नगर सुधार ट्रस्ट के अधिकारी दुकानदारों की ओर से किए अवैध कब्जे तो हटवाते नहीं। उलटा गरीब लोगों को तंग करने की ओर इनका ध्यान ज्यादा रहता है। यदि हमें शैड का निर्माण न करने दिया तो हम संघर्ष को और तीव्र करेंगे।