Edited By Updated: 22 Feb, 2017 12:13 AM
गांव किंगरा में सोमवार रात्रि पुरानी रंजिश के चलते अकाली व ....
मलोट(जुनेजा): गांव किंगरा में सोमवार रात्रि पुरानी रंजिश के चलते अकाली व कांग्रेसियों के बीच हुए झगड़े में दोनों गुटों के 6 लोग घायल हो गए, जिन्हें मलोट के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस दौरान दोनों गुटों ने अस्पताल में खूब हंगामा भी किया। जानकारी के अनुसार गुरसाहिब सिंह व वरिन्द्र सिंह का पानी की निकासी के लिए नाले को लेकर चल रहे विवाद का मामला कोर्ट में भी चल रहा है। पहले गुट में अकाली दल व दूसरे गुट में कांग्रेस पार्टी के नुमाइंदे हैं, दोनों एक दूसरे पर दबाव बनाने का आरोप लगा रहे हैं।
पानी की निकासी को लेकर हुआ झगड़ा
अकाली पार्टी के हरप्रीत सिंह पुत्र शिवराज सिंह ने बताया कि उनका परिवार ढाणी में रहता है जबकि वरिन्द्र सिंह पुत्र बलविन्द्र सिंह जोकि मोबाइल का कार्य करता है, का परिवार गांव किंगरा में रहता है। उसने बताया कि इनका गोरा सिंह, गुरसाहिब सिंह के साथ पानी की निकासी को लेकर हुए झगड़े का केस कोर्ट में चल रहा है लेकिन वे अक्सर ही वरिन्द्र के परिवार पर दबाव डालने का प्रयास करते हैं और धमकी देते हैं कि 11 मार्च के बाद तुझसे निपटेंगे। इस बात को लेकर गोरा सिंह व वरिन्द्र में तकरार बढ़ गई जिसके चलते झगड़ा हो गया।
दूसरे पक्ष ने आरोप नकारे
दूसरी ओर कांग्रेसी गुरसाहिब सिंह पुत्र सुखपाल सिंह निवासी गांव किंगरा ने बताया कि गत रात्रि 8.30 बजे वह अपने घर के बाहर अपने रिश्तेदार गोरा सिंह पुत्र बलदेव सिंह व जसविन्द्र सिंह पुत्र सुखपाल के साथ खड़ा बातचीत कर रहा था इस दौरान गोरा अपनी मूंछें ठीक कर रहा था। तभी हरप्रीत सिंह, जसविन्द्र सिंह व गुरेन्द्र सिंह अपने कुछ साथियों के साथ वहां से गुजर रहा था और वे इस बात को लेकर उनसे झगड़ा करने लगे कि तुम हमें नीचा दिखाने के लिए मूंछें ऊपर कर रहे हो।
इस बात को लेकर हए झगड़े में कांग्रेसी गुट के गुरसाहिब सिंह, गोरा सिंह व जसविन्द्र सिंह व अकाली गुट के हरप्रीत सिंह, जाविन्द्र सिंह व सुरेन्द्र सिंह घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल मलोट में भर्ती कराया गया, जहां से गोरा पुत्र बलदेव सिंह को फरीदकोट रैफर कर दिया गया। इस दौरान दोनों गुटों ने अस्पताल में खूब हंगामा भी किया जिसके चलते स्टाफ को मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी। थाना सिटी पुलिस के एस.एच.ओ. जतिद्र सिंह का कहना है किपुलिस मामले की जांच कर रही है।