Edited By Punjab Kesari,Updated: 28 Sep, 2017 07:56 AM
गांव चढ़ेवान में घर में दाखिल होकर एक नाबालिग दलित लड़की के साथ उसके ही पड़ोसी द्वारा जबरन दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है
श्री मुक्तसर साहिब (तनेजा): गांव चढ़ेवान में घर में दाखिल होकर एक नाबालिग दलित लड़की के साथ उसके ही पड़ोसी द्वारा जबरन दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है जबकि आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इस संबंध में थाना सदर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गत रात्रि निकटवर्ती गांव चढ़ेवान निवासी 11 वर्षीय नाबालिग दलित लड़की अपने घर में सो रही थी जबकि उसका पिता जोगिंद्र सिंह खेतों में पानी लगाने गया हुआ था तथा घर में उसकी मां व वह अकेली थी। लड़की की मां मानसिक रोगी है। इसी का फायदा उठा कर पड़ोस में रहने वाला भुट्टो सिंह (32) पुत्र जोगिंद्र सिंह आधी रात को लड़की के घर में दाखिल हो गया और जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद उसे किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर चला गया। सुबह लड़की के पिता जोगिंद्र सिंह के आने पर उसने सारी बात बताई तो उसका पिता लड़के के घर शिकायत लेकर गया मगर वह उसे भी जान से मारने की धमकी देकर डराने लगा।
इसके बाद उन्होंने थाना सदर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने लड़की के पिता के बयानों पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश की जा रही है जबकि उधर देर सायं लड़की को मैडीकल जांच हेतु स्थानीय सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।