Edited By Punjab Kesari,Updated: 28 May, 2017 08:13 AM
दरेसी इलाके में एक पिता की मौत के बाद बेटी के साथ हुए दुष्कर्म का पता चला। पिता के भोग वाले दिन पीड़िता ने दुष्कर्म की सारी दास्तान परिजनों को बताई। पीड़िता पेट से है और 6 माह की गर्भवती है।
लुधियाना (तरुण): दरेसी इलाके में एक पिता की मौत के बाद बेटी के साथ हुए दुष्कर्म का पता चला। पिता के भोग वाले दिन पीड़िता ने दुष्कर्म की सारी दास्तान परिजनों को बताई। पीड़िता पेट से है और 6 माह की गर्भवती है। पीड़िता ने थाना दरेसी की पुलिस को शिकायत दी। वहीं घिनौनी वारदात को अंजाम देने वाले युवक की उम्र 17 वर्ष है। पुलिस ने पीड़िता और उसकी मां के बयान पर आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, परंतु आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की। 18 वर्षीय पीड़िता दरेसी की रहने वाली है।
25 दिसम्बर को पीड़ित लड़की के परिजन किसी काम से बाहर गए हुए थे। आरोपी युवक पीड़िता का पड़ोसी है जिससे उसकी जान-पहचान थी। क्रिसमस डे वाले दिन आरोपी युवक उसके घर में घुस आया और युवती से दुष्कर्म कर डाला। आरोपी कई दिनों तक डरा-धमका कर उसे अपनी हवस का शिकार बनाता रहा। जांच अधिकारी रेशम सिंह ने बताया कि पीड़ित लड़की के पिता की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को पीड़ित लड़की के पिता का भोग था। परिजनों के समक्ष लड़की के गर्भवती होने का राज खुला और हंगामा खड़ा हो गया। जिसके बाद दुष्कर्म की बात सामने आई। पीड़ित लड़की का सिविल अस्पताल में मैडीकल करवाया गया है।