Edited By Punjab Kesari,Updated: 27 Feb, 2018 02:14 PM
फगवाड़ा में घटी शर्मनाक घटना में एक कलयुगी बाप ने अपनी पांच वर्षीय बच्ची को ही हवस का शिकार बना लिया।
फगवाड़ा (जलोटा, रूपिन्द्र कौर): फगवाड़ा की परमार कालोनी में घटी शर्मनाक घटना में एक कलयुगी पिता द्वारा अपनी ही 6 वर्ष की नाबालिग बेटी के साथ घर में दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। प्रकरण को लेकर दुष्कर्म का शिकार बनी पीड़िता रजनी (काल्पनिक नाम) की मां आशा रानी जो आरोपी की धर्मपत्नी है, ने पुलिस थाना सदर में पुलिस केस दर्ज करवाया है। शिकायतकर्ता आशा रानी पत्नी गुरनाम सिंह वासी परमार कालोनी ने दर्ज करवाए पुलिस केस में बताया कि उसका पति गुरनाम सिंह पेशे से वैल्डिंग का काम करता है। उसके 2 बच्चे एक बेटा व एक बेटी है।
गत रात्रि करीब 9 बजे जब वह घर में थी और उसका पति गुरनाम सिंह अपनी बेटी के साथ आराम कर रहा था। इसी दौरान उसने अपनी बेटी की चीखें सुनीं और जब वह कमरे में गई तो देखा कि उसकी बेटी के साथ उसका पति दुष्कर्म कर रहा है। यह देख जब उसने आवाज उठाई तो पति ने उसे डरा-धमका कर चुप करवा दिया पर उसने इस बारे अपनी सास कमला और ताई अमरजीत को बताया। उनसे हौसला मिलने पर उसने पूरी हकीकत पुलिस को बयान कर दी। इस संबंधी एस.पी. फगवाड़ा पी.एस. भंडाल ने बताया कि पुलिस थाना सदर की टीम ने आरोपी गुरनाम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
उसके खिलाफ पुलिस ने धारा 376, 4, 8 द प्रोटैक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सैक्सुअल ऑफैन्स एक्ट-2012 के तहत पुलिस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही थी। वहीं पीड़िता का सरकारी सिविल अस्पताल में मैडीकल करवाया गया है।