Edited By Updated: 28 Apr, 2017 03:15 PM
अपने जमाने के दिग्गज फिल्म अभिनेता और सांसद विनोद खन्ना के निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है।
चंडीगढ़ः अपने जमाने के दिग्गज फिल्म अभिनेता और सांसद विनोद खन्ना के निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। ऐसे में पंजाब विधान सभा के स्पीकर द्वारा विनोद खन्ना के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए जो पत्र जारी किया गया, उसमे एक बहुत बड़ी गलती सामने आई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा पत्र
दरअसल यहां के स्पीकर ने जो पत्र पेश किया उसमें विनोद खन्ना के निधन पर राजेश खन्ना का नाम लिखकर सबको मेल कर दिया। ऐसे में गलती भरे इस पत्र की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जो कथित रूप से प्रेस रिलीज की है जिसे पंजाब के पी.आर. डिपार्टमेंट द्वारा जारी किया गया ऐसा बताया जा रहा है। ऐसे में खबरों के मुताबिक हेडलाइन में तो विनोद खन्ना लिखा गया है लेकिन अंदर नाम गलत है। माना जा रहा है कि पी.आर. डिमार्टमेंट ने विनोद खन्ना के निधन के वक्त जारी शोक संदेश को कॉपी पेस्ट करके पोस्ट कर दिया जिस कारण इतनी बड़ी गलती हुई है।
ब्लैडर कार्सिनोमा से जूझ रहे थे विनोद खन्ना
बता दें कि विनोद खन्ना का गुरुवार सुबह एच.एन. रिलायंस फाऊंडेशन एंड रिसर्च सैंटर में निधन हो गया। वह 70 साल के थे। उन्हें ब्लैडर कैंसर था। उन्हें शरीर में पानी की कमी के चलते 31 मार्च को गिरगांव के एच.एन. रिलायंस फाऊंडेशन एंड रिसर्च सैंटर में भर्ती करवाया गया था। खन्ना ने करीब 144 फिल्मों में काम किया। उन्होंने 5 बार पंजाब के गुरदासपुर से लोकसभा का चुनाव लड़ा और 4 बार विजेता रहे। अस्पताल सूत्रों के अनुसार खन्ना ब्लैडर कार्सिनोमा से जूझ रहे थे। राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री तक ने विनोद खन्ना की मृत्यु पर दुख प्रकट किया है।