Edited By Updated: 19 Jan, 2017 10:31 AM
:समय कम होने के कारण राजनीतिक दलों के दिग्गज अब पंजाब में ‘उडन खटोले’ के जरिए मतदाताओं की नब्ज टटोलेंगे। प्रमुख दलों कांग्रेस व अकाली-भाजपा ने बड़े नेताओं के लिए ‘चॉपर’ की विशेष व्यवस्था की है। मगर पंजाब में पड़ रहे कोहरे के कारण ये चौपर उड़ नहीं...
जालंधर:समय कम होने के कारण राजनीतिक दलों के दिग्गज अब पंजाब में ‘उडन खटोले’ के जरिए मतदाताओं की नब्ज टटोलेंगे। प्रमुख दलों कांग्रेस व अकाली-भाजपा ने बड़े नेताओं के लिए ‘चॉपर’ की विशेष व्यवस्था की है। मगर पंजाब में पड़ रहे कोहरे के कारण ये चौपर उड़ नहीं रहे। इसका असर सियासी दलों के प्रचार पर भी पड़ रहा है।
यू.पी. में डिमांड बढने से सियासी दलों को मिले सिर्फ 5 चौपर
दूसरी तरफ यू.पी. में भी चुनाव होने के कारण यू.पी. में चॉपरों की डिमांड होने के कारण पंजाब में सियासी दल अभी तक सिर्फ पांच चौपर ही हायर कर पाए हैं। इनमें भाजपा व अकाली दल ने 3 तो कांग्रेस ने 2 चॉपरों की व्यवस्था की है। हैली सेवाओं से जुड़ी कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार इन चौपर का पौने तीन घंटे का खर्चा न्यूनतम 85,000 से सवा 3 लाख रुपए तक है। चुनाव कैंपेन का शैड्यूल आने के बाद इन चॉपरों को उड़ान सेवाओं में लगाया जाएगा। पंजाब के बुकिंग शैड्यूल के हिसाब से यह चॉपर ‘सिंगल’, ‘मिगसाइज ट्विन’ और ‘लार्ज मिग ट्विन’ सेवाएं ही देंगे।
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (ए.आई.सी.सी.) सूत्रों के मुताबिक पंजाब में पार्टी चुनाव प्रचार के लिए 2 चॉपरों की व्यवस्था रखेगी। एक चॉपर केंद्रीय नेताओं की कैंपेन मूवमैंट पर, जबकि दूसरा कैप्टन अमरेंद्र सिंह व अन्य प्रादेशिक दिग्गज नेताओं की हवाई सेवा पर इस्तेमाल होगा। भाजपा नेताओं के अनुसार पार्टी ने चुनाव प्रचार के लिए 2 चॉपरों की व्यवस्था की है। एक चॉपर में राष्ट्रीय नेताओं की मूवमैंट और एक चॉपर की व्यवस्था स्टेट लीडरशिप के लिए रहेगी। भाजपा सचिव और मीडिया प्रभारी विनीत जोशी के अनुसार पंजाब में कोहरे के कारण अभी उनकी पार्टी की तरफ से चौपर यूज नहीं हो रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल व उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल एक चॉपर के जरिए अपना चुनावी प्रचार अभियान चलाएंगे।
2012 में अकाली दल ने खर्चे 1.42 करोड़
2012 में हुए चुनावों के बाद अकाली दल द्वारा दिए गए खर्चे के ब्यौरे पर नजर डालें तो अकेले अकाली दल ने चुनावी कैंपेन के दौरान 1.42 करोड़ रुपए खर्च किए थे। अकाली नेताओं ने 82 चॉपर की राइड ली। इसमें एयरचार्टर कंपनी को 6.51 लाख, एक्सल एविएशन 10.91 लाख, ग्लोबल वैक्टरा हैलीकॉर्प 91.83 लाख, सराया एविएशन 2.57 लाख, ऑॢबट एविएशन 30 लाख रुपए का खर्चा शामिल है।
भाजपा का खर्च 11.27 करोड़
भारतीय जनता पार्टी ने 2012 के चुनावी खर्चे के ब्यौरे में बताया है कि पार्टी ने सभी राज्यों में नेताओं के चुनावी दौरों पर 11.27 करोड़ रुपए का खर्च किया है। इसमें पंजाब विधानसभा की 23 सीटों पर हुए चॉपर के खर्चे को भी शामिल किया गया था।
कांग्रेस ने खर्चे थे सिर्फ 48,500
2012 के चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस ने 37 करोड़ रुपए पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में चॉपर सेवाओं पर खर्चे। वहीं, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा दी गई खर्च डिटेल में बताया कि चुनावी कैंपेन के दौरान प्रादेशिक नेताओं की मूवमैंट पर 48,500 रुपए का खर्च आया।
सिद्धू की रैलियों पर संकट!
नवजोत सिंह सिद्धू सहित पंजाब के बड़े स्टार प्रचारकों को एक दिन में 4-4 रैलियां करने के लिए चौपर की ही जरूरत पड़ेगी। यदि अगले 4 दिन में मौसम साफ न हुआ तो सारी पार्टियों के स्टार प्रचारकों की रैलियों का गणित गड़बड़ा जाएगा। इन स्टार प्रचारकों को चौपर की बजाय कार में एक जगह से दूसरी जगह जाना पड़ेगा।
ये रहेंगे चॉपर के रेट
सिंगल |
85,000 से 1,10,000 |
मिग साइज ट्विन |
2,25,000 से 2,45,000 |
लार्ज मिग ट्विन |
3,00,000 से 3,25,000 |