Edited By Updated: 16 Jan, 2017 08:34 AM
पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कै. अमरेन्द्र सिंह ने आज अपने पैतृक गांव मेहराज में पार्टी के चुनावी अभियान को शुरू करते
जालंधर/मेहराज (धवन/विजय): पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कै. अमरेन्द्र सिंह ने आज अपने पैतृक गांव मेहराज में पार्टी के चुनावी अभियान को शुरू करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को चुनौती दी है कि वह लंबी से उनके खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ें। उन्होंने बादलों के खिलाफ गत दिवस लंबी से चुनाव लडऩे का ऐलान किया था, तो रविवार को केजरीवाल को लंबी की चुनावी जंग में उतरने का आह्वान कर डाला। उन्होंने कहा कि अगर केजरीवाल में हिम्मत है तो वह चुनावी मैदान में उतर कर उनका मुकाबला करें। कैप्टन ने कहा कि पंजाब को डरपोक ‘आप’ नेताओं की जरूरत नहीं है, जो कभी कोई फैसला ले ही नहीं पाते हैं।
पंजाब को अकालियों ने 10 वर्षों में बर्बादी की कगार पर ला खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल डरपोक हैं, जिनका कभी कोई स्टैंड नहीं रहा। पंजाब के पानी के मसले पर भी केजरीवाल पंजाबियों को पीठ दिखाकर दौड़ गए थे।उन्होंने बादलों पर सियासी हमला बोलते हुए कहा कि ड्रग माफिया तथा धार्मिक पुस्तकों की बेअदबी के मामले में जो भी दोषी पाया गया, उसको सख्त सजा कांग्रेस द्वारा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बादलों के कुशासन के कारण पंजाब पिछड़ गया है तथा बादलों के कब्जे से पंजाब को मुक्त करवाने के लिए उन्होंने लंबी से चुनाव लडऩे का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी तो बाहरी पार्टी है, जिसका चुनावी अभियान बाहरी लोग ही चला रहे हैं। इन बाहरी लोगों को पंजाबियों पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि ड्रग मामलों तथा धार्मिक पुस्तकों की बेअदबी के मामले में जो भी दोषी पाया गया, उन्हें वह फांसी की सजा दिलवाएंगे।