Edited By Updated: 14 Jan, 2017 02:51 PM
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय कन्वीनर और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पटियाला देहाती और पटियाला हलकों की 4 रैलियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में नशों के लिए कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया जिम्मेदार हैं।
पटियाला : आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय कन्वीनर और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पटियाला देहाती और पटियाला हलकों की 4 रैलियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में नशों के लिए कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया जिम्मेदार हैं। उन्होंने मजीठिया को अंतर्राष्ट्रीय ड्रग स्मगलरों का एजैंट करार दिया। मजीठिया ने पंजाब की जवानी को बर्बाद कर दिया है। ‘आप’ पंजाब को नशा मुक्त करवाएगी, वहीं पंजाब में जितने भी झूठे केस दर्ज किए गए हैं, वे सारे रद्द करके जेल में बंद निर्दोष व्यक्तियों को घर वापस भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि कै. अमरेन्द्र सिंह और बादल परिवार मिल कर फ्रैंडली मैच खेलते हैं। दोनों अंदर से मिले हुए हैं। एक-दूसरे की पंजाब को लूटने में मदद करते हैं। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि सरकार बनते ही 3 सालों के अंदर स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू कर दी जाएगी। किसानों के कर्जे माफ किए जाएंगे। केजरीवाल ने दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर पंजाब के गांवों में गांव क्लीनिक खोलने का भी ऐलान किया।
भारतीय किसान यूनियन राजेवाल करेगी आप का समर्थन
भारतीय किसान यूनियन राजेवाल के प्रधान बलबीर सिंह राजेवाल ने आम आदमी पार्टी (आप) के समर्थन का ऐलान कर दिया। पटियाला देहाती हलके के त्रिपड़ी में हुई रैली दौरान बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि पंजाब के किसानों का भविष्य सीधे तौर पर आम आदमी पार्टी के साथ जुड़ा हुआ है। यह एकमात्र ऐसी पार्टी है जो आज की डूबती किसानी को बचा सकती है।