Edited By Updated: 15 Jan, 2017 11:44 PM
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने नवजोत सिंह सिद्धू के कांग्रेस पार्टी ज्वाइन करने तथा जलालाबाद में डिप्टी....
नवांशहर/बंगा(त्रिपाठी/चमनलाल/राकेश): मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने नवजोत सिंह सिद्धू के कांग्रेस पार्टी ज्वाइन करने तथा जलालाबाद में डिप्टी मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ चुनाव लडऩे के लगाए जा रहे क्यासों पर कहा कि इससे उनकी पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ता। प्रकाश सिंह बादल जिला योजना बोर्ड के पूर्व चेयरमैन रेशम सिंह थियाड़ा के निवास स्थान पर पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कै. अमरेंद्र सिंह तथा नवजोत सिंह सिद्धू जित्थों मर्जी चुनाव लड़े शिरोमणि अकाली दल नू कोई फर्क नहीं पैंदा। पंजाब में रहे बुरे दिनों के लिए केवल कांग्रेस जिम्मेदार रही है। पंजाब के पानियों, चंडीगढ़ तथा पंजाबी सूबे के मामले में भी कांग्रेस ने पंजाब का हमेशा अहित किया है। आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर प्रहार करते हुए कहा कि केजरीवाल को पंजाब से न तो कोई हित है तथा न ही पंजाब की समस्याओं संबंधी कोई समझ है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के पानियों के मामले में उनकी पार्टी सरकार में आए अथवा न आए, वह पंजाब के हितों के लिए हमेशा संघर्ष करते रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने करियाम रोड स्थित एक रैली को संबोधित करते हुए लोगों को पंजाब के सर्वपक्षीय विकास के लिए जरनैल सिंह वाहिद को जिताने की अपील की।