Edited By Punjab Kesari,Updated: 25 Nov, 2017 05:17 PM
महंगाई के मुद्दे को लेकर पंजाब कांग्रेस कमेटी ने केन्द्र की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
जालंधर (धवन): महंगाई के मुद्दे को लेकर पंजाब कांग्रेस कमेटी ने केन्द्र की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि कुछ वर्ष पूर्व केन्द्र में डा. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के समय रोजाना बयानबाजी करने वाले भाजपा नेता अब कहां गायब हो गए। महंगाई इस समय चरम सीमा को छू रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई के मुद्दे को लेकर अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व उनकी पार्टी के अन्य नेताओं के मुंह पर ताले क्यों लग गए हैं। उन्होंने कहा कि प्याज की कीमतें 60 से 70 रुपए प्रति किलो तथा टमाटर की कीमत भी 70 रुपए किलो तक पहुंच गई है। इसी तरह से सब्जियों व फलों के दाम भी आसमान को छू रहे हैं। महंगाई पर नियंत्रण रखने में केन्द्र सरकार बुरी तरह से असफल हुई है।
जाखड़ ने कहा कि व्यापारियों, दुकाननदारों व आम लोगों के लिए गुंडा टैक्स साबित हो रहे जी.एस .टी. तथा केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के कारण ही रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की कीमतें बढ़ रही हैं। अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल सस्ता होने के बावजूद इनकी कीमतें घटाने के लिए केन्द्र ने कोई कदम नहीं उठाया बल्कि अपना खजाना भरने के लिए लगातार एक्साइज डयूटी में बढ़ौतरी की। उन्होंने कहा कि छुपे बैठे भाजपा नेताओं को प्याज व टमाटर की कीमतें अब दिखाई नहीं दे रही है। अब भाजपाई सड़कों पर आकर महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन क्यों नहीं कर रहे।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि महंगाई का असर गुजरात विधानसभा चुनावों में साफ दिखाई देगा। महंगाई तथा जी.एस.टी. जैसे मुद्दों पर विपक्ष का सामना करने की हिम्मत मोदी सरकार में नहीं है, जिस कारण संसद सत्र को बार-बार टाला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सहयोगी पार्टी अकाली दल ने भी खाद्य वस्तुओं की बढ़ी कीमतों को लेकर चुप्पी साध रखी है। उन्हें भी लोगों के हितों की कोई चिन्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि महंगाई, नोटबंदी व जी.एस.टी. पर चर्चा करने के लिए संसद का सत्र तुरन्त बुलाया जाना चाहिए।